शर्मिला मर्सकोले ने हासिल किया प्रथम पुरस्कार

*ब्लाक स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता मे ग्रामीण बच्चों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन*

*रवीना इंगरे द्वितीय एवं आयुष वरकड़े तृतीय स्थान पर रहे*

*जितेन्द्र निगम – चिचोली*

*गुरु साहब कला एवं विज्ञान महाविद्यालय द्वारा आयोजित ब्लॉक स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को मंगलवार को कॉलेज परिसर में सम्मानित किया गया. कॉलेज की डायरेक्टर एवं नगर परिषद चिचोली की अध्यक्ष वर्षा रितेश मालवीय ने ब्लॉक मे प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान राशि प्रदान की. जानकारी के मुताबिक ब्लॉक के विभिन्न हायर सेकेंडरी स्कूलों में 11वीं एवं 12वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए महाविद्यालय की ओर से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई थी. प्रतियोगिता में 300 से भी अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया . इसमे हायर सेकेंडरी स्कूल चिरापाटला की छात्रा शर्मिला मर्सकोले ने प्रथम , हायर सेकेंडरी स्कूल चांदबेहड़ा की छात्रा रवीना इंगरे ने द्वितीय एवं हायर सेकेंडरी स्कूल हरदू के छात्र आयुष वरकड़े ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. इन तीनों छात्र छात्राओं को एक कार्यक्रम में सम्मानित किया गया. इसके अलावा सभी स्कूलों से परीक्षा मे भाग लेने वाले छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए. इस अवसर पर कॉलेज प्राध्यापक रवीन्द्र सातव, रूपल आर्य , सलोनी सोनी, केएस ठाकुर के साथ अन्य स्टाफ मौजूद रहा.*