*”‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान का हुआ सफल समापन, ग्राम भारती महिला मंडल की नुक्कड़ नाटक टीम हुई सम्मानित”*
बैतूल, 30 जुलाई 2026। पुलिस विभाग द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” का सफलतापूर्वक समापन पुलिस कंट्रोल रूम, बैतूल में किया गया। समापन समारोह की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन ने की। कार्यक्रम के दौरान अभियान को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने वाली विभिन्न संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में ग्राम भारती महिला मंडल की नुक्कड़ नाटक टीम को अभियान में सराहनीय सहभागिता एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। संस्था की कलाकार टीम ने अभियान के दौरान बैतूल एवं सारणी क्षेत्र में कई स्थानों पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए घातक है तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन के लिए नशे से दूरी बनाए रखना आवश्यक है।
अभियान के दौरान संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल ने भी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक जीवन पर गंभीर दुष्प्रभाव डालती है। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन, डीएसपी शैफ़ा हाशमी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति एवं संस्था की सराहना करते हुए भविष्य में भी समाजहित के ऐसे जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया।