*सांदीपनि विद्यालय घोड़ाडोंगरी में एनएमएमएस परीक्षार्थियों के लिए प्रेरणादायक उद्बोधन*

 

घोड़ाडोंगरी, पत्रिका संवाददाता। शासन द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) का आयोजन आज किया जा रहा है। इस परीक्षा में विद्यार्थियों से मानसिक योग्यता परीक्षण और शैक्षिक योग्यता परीक्षण के 90-90 प्रश्न पूछे जाते हैं, जिन्हें 90-90 मिनट में पूर्ण करना होता है।

इसी के संबंध में पिछले कई महीनों से सांदीपनि विद्यालय घोड़ाडोंगरी में कक्षा आठवीं के बालक-बालिकाओं की सघन तैयारी चल रही थी। परीक्षा के एक दिन पूर्व विद्यालय के प्रधान पाठक श्री विक्रांत गावंडे जी द्वारा विद्यार्थियों को प्रेरणादायक एवं मोटिवेशनल उद्बोधन दिया गया।

अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि समय प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है। सभी प्रश्नों को हल करने का प्रयास करें, क्योंकि इस परीक्षा में ऋणात्मक मूल्यांकन नहीं है। उन्होंने बच्चों को एडमिट कार्ड में रोल नंबर की जांच करने और ओएमआर शीट भरने का अभ्यास करने की सलाह दी।

प्रधान पाठक ने कहा कि आत्मविश्वास को कम न होने दें, परीक्षा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, सफलता अवश्य मिलेगी। जिनकी तैयारी अच्छी है वे एक बार पुनः रिवीजन करें। परीक्षा की पूर्व रात्रि को जल्दी सोएं और सुबह जल्दी उठकर रिवीजन करें।

इस अवसर पर समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों को परीक्षा की शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में सभी बालक-बालिकाओं ने ताली बजाकर प्रधान पाठक महोदय का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.