मानव बनकर आए हैं तो मानव जैसा जीवन जिएं : योग शक्ति आस्था दीदी
मन की स्वच्छता, श्रेष्ठ आचरण और शाकाहार से ही होगा समाज का उत्थान, शाहपुर में श्रीमद् भागवत गीता ज्ञान प्रवचन का चतुर्थ दिवस संपन्न
शाहपुर। ब्रह्माकुमारी द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत गीता ज्ञान प्रवचन के चतुर्थ दिवस श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए योग शक्ति आस्था दीदी ने जीवन में आध्यात्मिकता, आत्मचिंतन, मन की शुद्धता और श्रेष्ठ आचरण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मानव बनकर आए हैं तो मानव जैसा जीवन भी जीना चाहिए। हम प्रतिदिन अपने घर और शरीर को स्वच्छ रखते हैं, लेकिन मन को स्वच्छ रखने के लिए क्या करते हैं? मन की स्वच्छता के लिए आत्मचिंतन और परमात्मा का ध्यान आवश्यक है।
आस्था दीदी ने कल्पवृक्ष का वर्णन करते हुए कहा कि संसार एक वृक्ष के समान है और परमात्मा उसका बीज है। परमात्मा गुणों का सिंधु, ज्ञान का सागर और सुख का सागर है। भगवान को बाहरी आंखों से नहीं, बल्कि अंतर्मन से महसूस किया जा सकता है। लोगों ने अपनी-अपनी भावनाओं के अनुसार प्रभु का वर्णन किया और अलग-अलग धर्म बनाए, लेकिन आज धर्म के नाम पर ही लड़ाई-झगड़े हो रहे हैं। हम कहते हैं कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई आपस में हैं भाई-भाई, लेकिन संपत्ति और वैभव के लिए एक-दूसरे से संघर्ष कर रहे हैं। जिस दिन मनुष्य परमात्मा से जुड़ जाएगा, उस दिन संसार की भौतिक वस्तुएं उसे तुच्छ लगने लगेंगी।
उन्होंने कहा कि मनुष्य को इस बात पर विचार करना चाहिए कि वह संसार में क्यों आया है। आज इंसान बंगले बनाने, गाड़ियां खरीदने और वैभव जुटाने में ही अपना जीवन व्यतीत कर रहा है, जबकि जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मिक उन्नति और श्रेष्ठ कर्म करना है। संसार धर्मक्षेत्र है, लेकिन आज महाभारत जैसी परिस्थितियां दिखाई दे रही हैं। धर्म के नाम पर गलत कार्य, अश्लीलता और अनैतिकता बढ़ रही है। ऐसे समय में मानवता को जागृत करने और अपने भीतर दिव्य गुणों को अपनाने की आवश्यकता है।
आस्था दीदी ने परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि घर-घर में लड़ाई-झगड़े होना आम बात बनती जा रही है। पल में प्यार और पल में रिश्तों में दरार आ जाती है। अपने गृहस्थ जीवन को गृहस्थ आश्रम में बदलने के लिए सबसे पहले स्वयं का आचरण सुधारना होगा। कर्मों में दिव्यता लानी होगी और परिवार के सदस्यों की कमियां देखने के बजाय उनकी विशेषताओं को पहचानना होगा। किसी दूसरे को अच्छा बनाने की बजाय स्वयं को अच्छा बनाने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि मनुष्य की जीवन यात्रा कीचड़ से कमल बनने की यात्रा है। जीवन की शुद्धता को अपनाने पर ही मनुष्य अपने वास्तविक महत्व को समझ सकता है। युवावस्था की चमक एक दिन बुढ़ापे में बदल जाती है, इसलिए जीवन में श्रेष्ठ गुणों और संस्कारों को महत्व देना चाहिए। आज समाज में ऐसी स्थिति बन गई है कि बच्चियां भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। यह परिवर्तन का समय है। अपने भीतर दिव्य गुणों को धारण करेंगे, तभी रामराज्य की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।
राष्ट्र निर्माण के विषय में उन्होंने कहा कि राष्ट्र का निर्माण केवल नारों, भाषणों, शक्ति प्रदर्शन या व्यापार से नहीं होता, बल्कि जनता के श्रेष्ठ विचारों और संस्कारों से होता है। आज संसार जंगल के समान होता जा रहा है। मनुष्य के भीतर की बुरी प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपने अंदर सद्गुणों का दीपक स्वयं बनना होगा और बच्चों को भी आत्मचिंतन करना सिखाना होगा।
शिक्षा व्यवस्था पर विचार व्यक्त करते हुए आस्था दीदी ने कहा कि देश में गुरुकुल जैसी संस्कार आधारित शिक्षा पद्धति को फिर से महत्व मिलना चाहिए। आज विद्यार्थी रटकर परीक्षा पास कर रहे हैं और डिग्रियां प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन वास्तविक अर्थों में अच्छे इंसान नहीं बन पा रहे हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनना होना चाहिए।
शाकाहार के महत्व पर उन्होंने कहा कि प्रकृति में शरीर के लिए आवश्यक सभी चीजें उपलब्ध हैं। स्वस्थ जीवन के लिए शाकाहारी भोजन अपनाना चाहिए। जीवन में संयम और सात्विकता लाने से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि यह समय बदला लेने का नहीं, बल्कि स्वयं को बदलने का है। परमात्मा का ध्यान करें, आत्मचिंतन करें और अपनी जीवन यात्रा को भोगी से योगी की ओर ले जाएं। संसार के सुख क्षणिक हैं। प्रेम और सद्भाव हो तो सूखी रोटी भी अच्छी लगती है। मनुष्य दूसरों को वही दे सकता है, जो उसके स्वयं के भीतर होगा। इसलिए अपने विचार और दृष्टिकोण को श्रेष्ठ बनाएं। परिवार के सदस्यों में विशेषताएं देखें और अपने जीवन को प्रेम, संयम, शांति तथा सद्भाव से परिपूर्ण बनाएं।
अंत में उन्होंने कहा कि जैसा हमारा नजरिया होगा, वैसा ही संसार हमें दिखाई देगा। इसलिए स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन लाएं, श्रेष्ठ कर्म करें और मानवता के मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सार्थक बनाएं।
