शाहपुर में श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा यज्ञ का भव्य शुभारंभ, आस्था दीदी बोलीं – पढ़े-लिखे लोग भी कर रहे बड़े-बड़े दुष्कर्म, समाज को शिक्षा के साथ संस्कारों की जरूरत

शाहपुर। धर्म, आस्था और आध्यात्मिक चेतना के संगम के रूप में शाहपुर में श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के प्रथम दिन निकाली गई विशाल कलश यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। ब्रह्माकुमारी लाइट हाउस से प्रारंभ हुई कलश यात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया। नगर की हर गली और मोहल्ले में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ऐसा लग रहा था मानो पूरा शाहपुर दीपावली का उत्सव मना रहा हो।

कथा स्थल पर नगर परिषद अध्यक्ष रोहित विप्पी नायक एवं उपाध्यक्ष पम्मी राठौर ने दीप प्रज्वलित कर धार्मिक आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया।

शिक्षा बड़ी या संस्कार? आस्था दीदी ने समाज को दिखाया आईना

प्रथम दिवस के आध्यात्मिक प्रवचन में योग शक्ति आस्था दीदी ने समाज में बढ़ती बुराइयों, महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति और परिवारों में संस्कारों की कमी जैसे गंभीर विषयों पर बेबाक विचार रखे।

उन्होंने कहा कि आज बड़े-बड़े दुष्कर्म केवल अनपढ़ लोग ही नहीं, बल्कि वेल एजुकेटेड लोग भी कर रहे हैं। इसका कारण यह है कि लोगों ने पढ़ाई तो कर ली, लेकिन जीवन में संस्कार नहीं अपनाए। आज समाज को केवल डिग्रियों की नहीं, बल्कि अच्छे संस्कारों की भी आवश्यकता है।

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज बच्चियां और नारियां सुरक्षित नहीं हैं। युवा पीढ़ी नशे और अवसाद की गिरफ्त में आती जा रही है। माता-पिता बच्चों से पूछते हैं कि डॉक्टर बनोगे या इंजीनियर, लेकिन उन्हें अच्छा इंसान बनाने पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता। बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ चरित्र और संस्कार देना भी माता-पिता का सबसे बड़ा दायित्व है।

साधन बढ़े, लेकिन साधना कम हो गई

आस्था दीदी ने कहा कि आज मनुष्य के पास सुख-सुविधाओं के तमाम साधन मौजूद हैं, लेकिन जीवन में शांति और संतोष कम होता जा रहा है। साधन बहुत बढ़ गए, लेकिन साधना कम हो गई। अब समाज को आध्यात्मिक क्रांति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि धर्म वही है, जिसमें सबका कल्याण हो। मनुष्य को दूसरों की बुराइयां देखने के बजाय स्वयं के भीतर झांककर अपनी कमियों को दूर करना चाहिए।

महाभारत के उदाहरण से समझाया जीवन का सत्य

प्रवचन के दौरान आस्था दीदी ने महाभारत के प्रसंगों के माध्यम से पारिवारिक जीवन, रिश्तों और कर्तव्यों का महत्व समझाया। उन्होंने गांधारी का उदाहरण देते हुए कहा कि गलत रास्ते पर जा रहे व्यक्ति को सही मार्ग दिखाना परिवार के प्रत्येक सदस्य का कर्तव्य है। मोह और प्रेम में अंतर समझना आवश्यक है। सच्चा प्रेम वह है, जो इंसान को सही रास्ते पर ले जाए।

उन्होंने कहा कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, परमात्मा को अपना साथी बनाएं। जब कोई साथ नहीं देता, तब भी परमात्मा की याद मनुष्य को शक्ति और संबल प्रदान करती है।

युवाओं से किया नशे और बुराइयों से दूर रहने का आह्वान

आस्था दीदी ने कहा कि आज सोशल मीडिया पर बुराइयां तेजी से ट्रेंड बन जाती हैं और युवा बिना सोचे-समझे उनकी नकल करने लगते हैं। जरूरत है कि युवा बुराइयों की नहीं, बल्कि अच्छाइयों की नकल करें। अपने जीवन में दिव्य गुणों को अपनाएं और समाज के लिए प्रेरणा बनें।

उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें तो परिवार, समाज और राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल हो सकता है।

दीपावली के दीप से आत्मा की ज्योति जलाने का संदेश

त्योहारों का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दीपावली पर दीपक जलाकर घरों का अंधकार दूर किया जाता है, उसी प्रकार मनुष्य को अपने भीतर ज्ञान और अच्छे संस्कारों का दीप जलाना चाहिए। बाहरी सुंदरता से अधिक महत्वपूर्ण मनुष्य की सीरत और उसके कर्म हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि जीवन में पवित्रता, सदाचार, सच्चाई और अच्छे कर्मों को अपनाएं। लंबा जीवन जीने से अधिक जरूरी है कि जीवन अच्छा और सार्थक हो।

आस्था दीदी का संदेश स्पष्ट था कि समाज को बदलने की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। शिक्षा के साथ संस्कार, सुविधाओं के साथ साधना और अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन ही एक श्रेष्ठ समाज का निर्माण कर सकता है।

शाहपुर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन के प्रथम दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave A Reply

Your email address will not be published.