*पुरानवास चोपना क्षेत्र में मां काली की आराधना का भव्य आयोजन, बंगाली समाज की परंपरा और संस्कृति की दिखती है अनूठी झलक*
दीपावली का पर्व पूरे देश में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन अवसर पर भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर माता सीता और लक्ष्मण जी के साथ अयोध्या लौटे थे। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। वहीं इस दिन माता लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा में कार्तिक अमावस्या की रात्रि का विशेष महत्व है, जब मां काली की आराधना श्यामा पूजा के रूप में की जाती है। इसी परंपरा को मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के पुरानवास चोपना क्षेत्र में रहने वाला बंगाली समाज वर्षों से श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निभाता आ रहा है।
पुरानवास चोपना क्षेत्र के ग्राम शांतिपुर, हीरापुर, तवाकाटी झोली 2 और नूतनडांगा में मां काली की पूजा भव्य रूप से आयोजित की जाती है। इन दिनों गांवों में उत्सव जैसा माहौल रहता है। विधि-विधान से पूजा-अर्चना, भंडारा, प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेले का आयोजन इस पर्व को विशेष पहचान देता है। इस अवसर पर देश-विदेश में रहने वाले परिवारजन और रिश्तेदार भी अपने गांव लौटकर इस उत्सव में शामिल होते हैं। बंगाली समाज की पारंपरिक पूजा पद्धति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, आपसी मेल-मिलाप और सामूहिक सहभागिता पूरे क्षेत्र को भक्तिमय एवं उत्सवमय बना देती है। मां काली की आराधना के माध्यम से समाज अपनी पीढ़ियों पुरानी धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखे हुए है। झोली-2 निवासी बापी बैन ने कहा कि बंगाली समाज की यह परंपरा क्षेत्र की सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव की सुंदर मिसाल है।