कच्चे धागों का पक्का बंधन,राष्ट्र रक्षा मिशन:कारगिल के 527 शहीद स्मारकों के लिए बैतूल की सरहदी बेटियां हर वर्ष भेजती है राखियां

22 वे पड़ाव में कारगिल पहुंचकर समर्पित की थी शहीदों की प्रतिमाओं और स्मारकों पर राखियां
कारगिल दिवस विशेष

बैतूल। कारगिल विजय दिवस के बाद से बैतूल की बेटियां भी सैनिकों की हौसलाअफजाई के साथ साथ शहीदों के सम्मान की परिपाटी निभा रही है। बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति का राष्ट्र रक्षा मिशन दल प्रतिवर्ष की तरह कारगिल के युद्ध में वीरगति प्राप्त करने वाले शहीद जवानों के लिए 527 राखियां पोस्ट करती है इस वर्ष भी शहीद स्मारकों के अलावा द्रास सेक्टर और कारगिल विजय स्मारक पर तैनात मद्रास रेजीमेंट के जवानों के लिए राखियां भेजी जाएगी।
2021 में कारगिल पहुंंचा था राष्ट्र रक्षा मिशन
समिति अध्यक्ष गौरी पदम ने बताया कि

वर्ष 2021 में राष्ट्र रक्षा मिशन के 17 सदस्यीय दल ने द्रास क्षेत्र में कारगिल विजय स्मारक में स्थापित कैप्टन विक्रम बतरा, ग्रेनेडियर योगेन्द्र सिंह यादव, राइफलमेन संजय कुमार, लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पाण्डे, कैप्टन एन केंगुरुज, मेजर सोनम वान्गचुक, मेजर विवेक गुप्ता, मेजर पद्मपानी आचार्य, लेफ्टिनेंट बलवान सिंह, नायक दिगेन्द्र कुमार की प्रतिमाओं सहित सभी 527 शहीदों को तिरंगा राखियां समर्पित की थी। उन्होंने बताया कि कारगिल के योद्धाओं से बैतूल का कच्चे धागे से पक्का नाता जुड़ गया है, जिसे हमेशा निभाया जाएगा। प्रतिवर्ष समिति कारगिल के शहीदों के प्रति कृतज्ञ भाव के साथ 527 राखियां समर्पित करेगी।
कारगिल विजय से ही शुरु हुआ था

राष्ट्र रक्षा मिशन
बैतूल की बेटियों ने 26 वर्ष पहले गौरवान्वित पहल की शुरुआत की थी। देश और देशवासियों की सुरक्षा के लिए प्रतिपल देश की अंतराष्ट्रीय सरहदों पर तैनात सैनिकों की हौसलाअफजाई के लिए बैतूल की बेटियों ने रक्षाबंधन का अपना प्रिय त्योहार देश के सैनिकों के नाम कर दिया था। 26 वर्षों से यह संकल्प राष्ट्र रक्षा मिशन की टीम संस्था अध्यक्ष गौरी बालापुरे पदम के नेतृत्व में निभा रही है। कारगिल विजय स्मारक तक पहुंचने का भी अवसर मिला। यहां उन्होंने 527 शहीदों के स्मारक पर रक्षाबंधन के दिन राखी समर्पित की थी। कारगिल के शहीद स्मारक एवं यहां तैनात जवानों के लिए प्रतिवर्ष बैतूल से राखियां पोस्ट की जा रही है। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में सैनिकों की शहादत और देश वासियों की सेना के प्रति समर्पित भावना से प्रेरित होकर ही बैतूल से राष्ट्र रक्षा मिशन की शुरुआत हुई थी।

शहीद भवन विजय स्मारक पर दी जाएगी श्रद्धाजंलि
बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार 26 जुलाई को वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए पुष्पाजंलि अर्पित की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.