राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस के साथ राष्ट्र रक्षा मिशन-2026 का आगाज
नशे से दूरी है जरुरी 2.0 अभियान के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश
श्री-श्री ज्ञान मंदिर के आंगन में एक बार फिर बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति के राष्ट्र रक्षा मिशन का आगाज हुआ। राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस के अवसर पर शाला में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे, जिला सैनिक एवं कल्याण अधिकारी कैप्टन सुमीत सिंह, डीएसपी दुर्गेश आर्मो, गंज थाना टीआई नीरज पाल, महिला थाना प्रभारी कविता नागवंशी, श्री-श्री ज्ञान मंदिर प्राचार्य जयश्री शाह एवं बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति अध्यक्ष गौरी बालापुरे पदम की मौजूदगी में स्कूल के बच्चों ने केक काटा। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों, अतिथियों, शिक्षकों एवं समस्त आंगतुकों के चहेरे पर तिरंगे के तीन रंग उकेरे गए। बच्चों ने रिमझिम बारिश के बीच उत्साह पूर्वक देशभक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। शिक्षिका कमलती चौहान द्वारा भी अपनी सुमधुर आवाज में देशभक्ति के गीत गाएं।
देशभक्त बने-नशे से दूर रहे-एएसपी
देशभक्ति के माहौल में एएसपी कमलेश खरपुसे द्वारा प्रदेश एवं जिले में चलाएं जा रहे नशे से दूरी है जरुरी 2.0 अभियान के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि नशा न सिर्फ नशा करने वाले के लिए हानिकारिक है बल्कि पूरे परिवार का नुकसान करता है। उन्होंने कहा कि देशभक्त बनो और किसी भी तरह के नशे से दूर रहो। नशे से स्वास्थ्य के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी होता है। किसी भी मादक पदार्थ का सेवन किसी भी उम्र के व्यक्ति को नहीं करना चाहिए। उन्होंने श्रीश्री ज्ञान मंदिर के कुशल संचालन एवं स्लम एरिया के बच्चों को शिक्षा एवं
समाज की मुख्य धारा से जोडऩे पर स्कूल की संचालक एवं स्टाफ की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस की शुभकामनाएं दी एवं इस वर्ष रक्षा बंधन के अवसर पर सरहद पर जाने वाले दल को भी बधाई दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सैनिक एवं कल्याण अधिकारी कैप्टन सुमीत सिंह ने कहा कि बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा लगातार देशभक्ति एवं समाज सेवा के कार्य किए जाते है। बैतूल की बेटियां देश की अंतर राष्ट्रीय सरहदों पर वर्षों से पहुंच रही है यह बैतूल के लिए गौरव की बात है। समिति अध्यक्ष गौरी बालापुरे पदम ने कहा कि कारगिल युद्ध के बाद से राष्ट्र रक्षा मिशन के तहत देश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर पहुंचकर जवानों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा रहा है। उन्होनें बताया कि यह 27वां वर्ष है जब 25 सदस्यीय दल भारत चीन बार्डर पर पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि जवानों की हौसलाअफजाई के इस मिशन को हमेशा बैतूलवासियों की सराहना और आशीर्वाद प्राप्त होता है। समिति लगातार 14 वर्षों से राष्ट्रध्वज अंगीकार दिवस जिले में मना रही है। अंत में शाला प्राचार्य जयश्री शाह ने सभी का आभार व्यक्त किया। समिति के प्रतिनिधि दल द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी वीरेन्द्र जैन एवं यहां मौजूद स्टाफ को भी तिरंगे के बैच लगाकर राष्ट्रध्वज अंगीकार दिवस की शुभकामनाएं दी।
7 साहित्यकार हुए सम्मानित
कार्यक्रम में नशा मुक्ति पर दो बंध लिखने वाली जिले की प्रसिद्ध कवियत्रियों को भी सम्मानित किया गया। साहित्यकार गुंजन खण्डेलवाल, मीरा अंथोनी, डॉ सुषमा सोनी, डॉ माधवी ठाकुर, अनुराधा देशमुख, एड सुनीता अम्बुलकर एवं अरुणा पाटनकर को बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति के सचिव भारत पदम, सदस्य प्रचिति कमाविसदार, नीलेश उपासे, प्रदीप निर्मले, छाया प्रजापति, सरिता अतुलकर, सोनम गंगारे, नीलम गंगारे तथा श्रीश्री ज्ञान मंदिर से निहारिका भावसार, प्रमोद शाह, तीर्थकर सेन, लता, प्रीति, मिनाक्षी, कंचन, प्रियंका, शीला, शोभा, अर्चना, रुपाली, राखी एवं पियुष मौजूद थे।