*नशे के खिलाफ गूंजा जनजागरण का संदेश, ग्राम भारती महिला मंडल ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक*

 

 

बैतूल, 19 जुलाई 2026। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत रविवार को बैतूल में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, बैतूल के मार्गदर्शन में ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा पीडब्ल्यूडी चौराहा एवं थाना कोतवाली परिसर के समीप प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

 

ग्राम भारती महिला मंडल की 8 सदस्यीय कलाकार टीम ने अपने सशक्त अभिनय, संवादों एवं लोकगीतों के माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। कलाकारों ने यह संदेश दिया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन अपनाने तथा दूसरों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

 

नुक्कड़ नाटक देखने के लिए लगभग 150 से 180 नागरिक उपस्थित रहे। दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए अभियान के संदेश को गंभीरता से सुना और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक चित्रा कमरे, प्रधान आरक्षक नितिन चौहान, विनय पांडे सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे के विरुद्ध चल रहे जनआंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

 

उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के साथ सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा नशा पीड़ितों के पुनर्वास, परामर्श सेवाओं एवं जनजागरूकता गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 15 से 30 जुलाई तक जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.