एक कुर्सी मर्दों के नाम, परिवार परामर्श और आत्महत्या रोकथाम जागरूकता

पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य पर हुई चर्चा

एसआईएफ बैतूल ने जिला अस्पताल में किया रक्तदान

 

 

बैतूल। जिला चिकित्सालय बैतूल में एसआईएफ बैतूल(सेव इंडियन फैमिली बैतूल) के बैनर तले रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान करने के साथ पुरुष मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक संबंधों और भावनात्मक सहयोग को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया। रक्तदान करने वालों में चंद्रप्रकाश झारे, अरुण राठौर, निहारिका राठौर और श्वेता सतांकर शामिल रहे।

कार्यक्रम विशेष रूप से उन पुरुषों और परिवारों को समर्पित रहा, जो पारिवारिक विवाद, वैवाहिक मामलों, अलगाव, तलाक या चाइल्ड कस्टडी जैसी परिस्थितियों के कारण मानसिक और भावनात्मक तनाव का सामना कर रहे हैं। इस दौरान डॉ. संदीप गोहे ने कहा कि कई पुरुष अपने बच्चों से दूर रहने की पीड़ा झेल रहे हैं। ऐसे समय में सामाजिक जुड़ाव, भावनात्मक सहयोग और सकारात्मक गतिविधियां मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक हैं।

उन्होंने बताया कि एसआईएफ बैतूल द्वारा समय-समय पर मेंस डे, फादर्स डे, वर्ल्ड सुसाइड अवेयरनेस डे जैसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। साथ ही एक पेड़ पिता के नाम, एक कुर्सी मर्दों के नाम, परिवार परामर्श और आत्महत्या रोकथाम जागरूकता जैसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।

डॉ. संदीप गोहे ने बताया कि संस्था पिछले तीन वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है और यह सामाजिक पहल का चौथा वर्ष है। कार्यक्रम में राहुल झरबड़े, छोटे लाल बछाले, बृजमोहन सहगल, अनुराग सहगल और तनिषा सोनी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम डॉ. अंकिता सीते एवं ब्लड बैंक स्टाफ के सहयोग से संपन्न हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.