शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत चोपना JSK के शिक्षकों की सराहनीय पहल, 17 प्राथमिक शालाओं को मिले 275 डेस्क-बेंच
घोड़ाडोंगरी, 4 अक्टूबर 2026। शिक्षा संजीवनी अभियान के अंतर्गत आज चोपना जनशिक्षा केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में चोपना JSK के शिक्षकों द्वारा प्राथमिक शालाओं के बच्चों के लिए 275 डेस्क-बेंच प्रदान किए गए। इस पहल से चोपना JSK अंतर्गत संचालित 17 प्राथमिक विद्यालयों में डेस्क-बेंच की आवश्यकता की पूर्ति हो गई है।
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोट सहित जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कलेक्टर महोदय ने चोपना JSK के शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए इस सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति समाज और शिक्षकों की ऐसी सहभागिता विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण निर्मित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अन्य जनशिक्षा केंद्रों से भी इसी प्रकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान चार सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी सम्मानित करते हुए उनके दीर्घ सेवाकाल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित अतिथियों ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर चोपना JSK की ओर से उपस्थित सभी अधिकारियों एवं अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिक्षा संजीवनी अभियान के अंतर्गत शिक्षकों द्वारा की गई यह पहल न केवल विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि “शिक्षा के लिए सामूहिक सहभागिता” की भावना को भी मजबूत करती है।
— शिक्षा विभाग, घोड़ाडोंगरी