जैविक खेती से ही बनेगा समृद्ध भारत, किसानों को अपनानी होगी प्राकृतिक खेती – वक्ताओं का आह्वान
मासोद में जैविक खेती कार्यशाला एवं किसान सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम संपन्न
मासोद, बैतूल। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के तत्वावधान में मासोद स्थित अंबेडकर भवन में जैविक खेती कार्यशाला एवं किसान सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक एवं जैविक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कृषि वैज्ञानिकों ने दी जैविक खेती की विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में डॉ. मेघा तिवारी, सुरेंद्र पराते एवं आर.डी. बारपेटे (कृषि विज्ञान अधिकारी) ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के महत्व, खेती की आधुनिक तकनीकों, मिट्टी की उर्वरता संरक्षण, लागत में कमी तथा गुणवत्तायुक्त उत्पादन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया तथा उपस्थित किसानों को जैविक खेती करने का संकल्प भी दिलाया।
केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का मिलेगा लाभ
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री अशोक पांसे एवं भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष महेश्वर सिंह चंदेल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण एवं कृषि विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों की आर्थिक मजबूती का आधार बन रही हैं। वक्ताओं ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाकर आत्मनिर्भर और समृद्ध बनने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में किसान एवं भाजपा कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन भास्कर मगरदे ने किया तथा आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष विजय घोड़की द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंडल प्रभारी इंद्रपाल पुंडे, जिला सह-कोषाध्यक्ष कमलेश राठौर, पट्टन मंडल अध्यक्ष सतीष धाकड़, भाजपा सोशल मीडिया जिला सह-संयोजक मनीष मिसर, पर्वत धोटे, विजय खंडेलवाल, कुणाल शर्मा, संतोष धाकड़, राजेश पाठक, सुन्दर बनखेड़े नरेंद्र गीद, सरपंच संगीता घोटे, सरपंच सुमन डांगे एवं अर्चना पद्माकर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जैविक खेती अपनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, रसायन मुक्त कृषि को अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।उन्नत जैविक किसानों का हुआ सम्मान, 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने वाले उन्नत कृषकों पंढरीनाथ पाटणकर, भगवान पंडाग्रे, गुणवंत कडू झपटे एवं विश्वनाथ साहू को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जैविक खेती के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान एवं अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बनने पर उन्हें प्रशस्ति के साथ 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि चेक के माध्यम से भेंट की गई।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रगतिशील किसान प्राकृतिक एवं जैविक खेती के क्षेत्र में मिसाल बनकर ग्रामीण अंचलों में कृषि की नई दिशा तय कर रहे हैं। उनके अनुभव और सफलता अन्य किसानों को भी जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। अतिथियों ने सम्मानित किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्र में जैविक खेती के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया।