फादर्स डे मातोश्री वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों का होगा सम्मान

पौधरोपण के साथ मनाया जाएगा फादर्स डे

मातोश्री वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों का होगा सम्मान

बैतूल। मातोश्री वृद्ध आश्रम में 21 तारीक रविवार को एसआईएफ बैतूल द्वारा सुबह 10 बजे चौथे वार्षिक एक पेड़ पिता के नाम अभियान का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी अपने पिता के नाम एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। इसके साथ ही वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों का सम्मान किया जाएगा, उनके साथ समय बिताया जाएगा तथा सामूहिक भोजन का आयोजन भी किया जाएगा। फादर्स डे के उपलक्ष्य में बुजुर्गों के साथ केक काटकर उत्सव मनाया जाएगा और उनके जीवन अनुभवों को सुनने का अवसर भी मिलेगा।

एसआईएफ बैतूल के अध्यक्ष डॉ. संदीप गोहे ने बताया कि पिता परिवार और समाज की मजबूत नींव होते हैं, जो अपने त्याग, परिश्रम, अनुशासन और जिम्मेदारियों के माध्यम से परिवार को सुरक्षा, संस्कार और संबल प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि फादर्स डे उन सभी पिताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने अपने परिवार और समाज के लिए जीवनभर संघर्ष किया है। फादर्स डे के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पिता के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।

डॉ. संदीप गोहे ने शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और परिवारों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान पिता की भूमिका, उनके त्याग और पुरुष मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपने पिता के नाम एक पौधा लगाकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का आग्रह किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.