अखंड धुना एवं भंडारे के लिए गांव-गांव से जुट रही सेवा सामग्री, श्रद्धालु कर रहे कंडे और लकड़ियों का दान
बैतूल।
अधिक मास के पावन अवसर पर बाबाजी की तपस्थली माधव गौशाला, रानीपुर आश्रम में 17 मई से 17 जून 2026 तक आयोजित श्री रामचरितमानस महायज्ञ एवं अखंड श्री सीताराम नाम संकीर्तन में श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ सेवा भाव भी देखने को मिल रहा है। आश्रम में चल रही अखंड धुना एवं प्रतिदिन के भंडारा प्रसादी के लिए गांव-गांव से श्रद्धालु कंडे (उपले) एवं लकड़ियों का दान कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं का मानना है कि बाबाजी की अखंड धुना में कंडे एवं लकड़ियों का दान करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा सेवा का पुण्य प्राप्त होता है। इसी श्रद्धा के साथ क्षेत्र के अनेक ग्रामीणजन अपनी सामर्थ्य अनुसार सामग्री समर्पित कर रहे हैं।
इसी क्रम में आज कंडे एवं लकड़ियों के संग्रहण हेतु गौ ग्राम संस्कृति संरक्षण समिति के कार्यकर्ता अखिलेश, ओमप्रकाश, राकेश, करण, आशीष, राहुल, अंकित सहित सैकड़ों कार्यकर्ता विभिन्न गांवों में पहुंचे और सेवा सामग्री का संग्रह किया। ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग करते हुए अखंड धुना एवं भंडारे के लिए कंडे और लकड़ियां समर्पित कीं।
परम पूज्य संत श्री श्री 1008 निक्कू दास जी महाराज जी की असीम कृपा से चल रहे इस माहव्यापी आयोजन में प्रतिदिन अखंड श्री सीताराम नाम संकीर्तन, श्री रामचरितमानस महायज्ञ, अखंड धुना एवं विशाल भंडारा प्रसादी का क्रम निरंतर जारी है। दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।