*बाकाखोदरी में “एक पेड़, एक संकल्प” के साथ मना विश्व पर्यावरण दिवस, ग्रामीणों ने ली पर्यावरण बचाने की शपथ*
*शाहपुर (बैतूल)। 5 जून 2026।*
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज ग्राम बाकाखोदरी में राजमेरू संस्था शाहपुर द्वारा “एक पेड़, एक संकल्प” थीम के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने “धरती सभी की जरूरत पूरी कर सकती है, लेकिन लालच नहीं” का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि संसाधन सीमित हैं लेकिन उपयोग चार गुना बढ़ गया है, इसलिए अब सुधार की जिम्मेदारी हमारी पीढ़ी पर है।
वक्ताओं ने आवाहन किया कि अगर आज हर व्यक्ति एक पेड़ लगाए, एक लीटर पानी बचाए और एक किलो प्लास्टिक का उपयोग कम करे, तो 8 अरब लोगों का यह छोटा कदम धरती के लिए बड़ी छलांग बन जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों को प्लास्टिक प्रदूषण रोकने, रासायनिक खादों का कम उपयोग करने तथा जल संरक्षण एवं संवर्धन जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सदस्यों ने पानी बचाने का संदेश देती ड्राइंग बनाई और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर जलवायु स्थिरता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में तरुण शक्ति मंच, जागो महिला संघ एवं जनशक्ति संगठन के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की। मुख्य वक्ताओं ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र द्वारा 1972 में स्टॉकहोम सम्मेलन के दौरान की गई थी और पहला दिवस 1974 में “केवल एक पृथ्वी” थीम के साथ मनाया गया था।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण की रक्षा, पानी बचाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की शपथ ली। राजमेरू संस्था ने सभी सहयोगी संगठनों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।