अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

कार्यालयीन व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाएं: कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे

 

कलेक्ट्रेट कार्यालय का कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने किया औचक निरीक्षण

 

अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

 

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के 12, खाद्य विभाग के 3 तथा कोषालय के 3 कर्मचारी प्रातः 10 बजे के बाद भी अनुपस्थित पाए गए। इस पर कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कार्यालय नाजिर को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

 

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने श्रम विभाग, खाद्य विभाग, कोषालय, अपर कलेक्टर न्यायालय, भू-अभिलेख शाखा, निर्वाचन शाखा, रिकॉर्ड रूम, खाद्य सुरक्षा, लोक सेवा प्रबंधन, जिला अंत्यवसायी तथा जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र सहित विभिन्न शाखाओं एवं विभागों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

 

उन्होंने रिकॉर्ड रूम के व्यवस्थित संधारण एवं अभिलेखों की जानकारी संबंधी सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजसात एवं गैर राजसात शाखाओं में अभिलेखों के उचित रखरखाव तथा अनुपयोगी एवं खराब सामग्री के नियमानुसार निष्पादन के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

 

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने निर्देशित किया कि सभी विभागों में बैठक व्यवस्था में एकरूपता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने व्यवस्थित टेबल व्यवस्था रखने तथा प्रत्येक टेबल के सामने संबंधित कर्मचारी के नाम एवं पदनाम की नेमप्लेट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्ट्रेट के सभी कर्मचारियों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य करने के लिए कहा।

 

उन्होंने कार्यालय में संचालित विभागों से मेंटेनेंस मद की राशि लेकर कार्यालय के रखरखाव एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों की कार्यालयीन व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाएं। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, अपर कलेक्टर श्री मकसूद अहमद, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती तृप्ति पटेरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.