नई दिल्ली में आयोजित ‘वृक्षमित्र संकल्प’ कार्यक्रम में बैतूल की बेटी आराधना मालवी ने की सहभागिता, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से किया विचार-विमर्श

 

जिला बैतूल । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), नई दिल्ली में 12 जुलाई 2026 को आयोजित ‘पर्यावरण संरक्षण संकल्प – वृक्षमित्र’ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की बेटी एवं समाजसेवी आराधना मालवी ने सक्रिय सहभागिता निभाई। यह कार्यक्रम भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना था।

 

कार्यक्रम के दौरान आराधना मालवी ने ‘वृक्षमित्र संकल्प’ लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया। उन्हें कार्यक्रम में ‘वृक्षमित्र’ के रूप में पंजीकृत किया गया तथा प्रकृति संरक्षण के इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ।

 

इस अवसर पर आराधना मालवी को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से व्यक्तिगत रूप से विचार-विमर्श करने का भी अवसर मिला। चर्चा के दौरान पर्यावरण संरक्षण में युवाओं और सामाजिक संगठनों की भूमिका, जनभागीदारी के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान को व्यापक बनाने तथा समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।

 

आराधना मालवी ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है कि उन्हें देश के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने यह भी संकल्प व्यक्त किया कि अपनी संस्था सुषमा महिला जन कल्याण एवं बाल विकास शिक्षण समिति के माध्यम से महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों को जोड़कर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के अभियान चलाए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

 

यह सहभागिता बैतूल जिले सहित पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह संदेश देती है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का संकल्प सफल हो सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.