*घोड़ाडोंगरी: नल-जल योजना के तहत कई मोहल्लों में पाइपलाइन विस्तार का कार्य शुरू*

 

*घोड़ाडोंगरी।* कुछ वार्डों में नल-जल योजना का सर्वे करते समय तत्कालीन सब इंजीनियर पंकज धुर्वे द्वारा जिन मोहल्लों में सर्वे नहीं हो पाया था, वहां से लगातार पाइपलाइन विस्तार की मांग की जा रही थी।

कहार मोहल्ला बाजार में आंगनबाड़ी के आगे पाइपलाइन डलने के बाद वार्ड के वरिष्ठ नागरिक सियाराम यादव, मुकेश बरैया और दिलीप यादव ने आगे पाइपलाइन न होने की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने लाइन को आगे बढ़ाने की मांग लोक निर्माण शाखा सभापति सोना राजेश राजपूत और नल-जल सभापति योगेश कवड़े के समक्ष रखी।

मांग पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सभापतियों ने नगर परिषद अध्यक्ष मीरावंती नंदकिशोर उईके और उपाध्यक्ष हरप्रीत सिंह खनूजा से सहमति ली। इसके बाद बाजार मोहल्ले से दिलीप यादव के घर के आगे बांसनया रोड तक पाइपलाइन विस्तार का कार्य प्रारंभ कराया गया। साथ ही वहां पाइपलाइन भी डलवाई गई।

इसी क्रम में वार्ड 12 की पार्षद निशा सुशील धुर्वे ने वित्ती ढांना और धुर्वे मोहल्ले में पाइपलाइन डालने की मांग रखी। इस पर भी सहमति ली गई।
नल-जल सभापति योगेश कवड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि जल्द से जल्द कार्य करवाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे और इन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का काम जारी रहेगा।

नगर परिषद के इस कदम से क्षेत्रवासियों को पीने के पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

*घोड़ाडोंगरी: हॉस्पिटल चौक प्रतीक्षालय जर्जर, नाली का काम 4 माह से अधूरा*

घोड़ाडोंगरी से सभी दिशाओं में रोज यात्रा करने वाले यात्रियों, महिलाओं व बच्चों को बसों के इंतजार में भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है, क्योंकि हॉस्पिटल चौक पर बना प्रतीक्षालय पूरी तरह अव्यवस्थित है। वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी महेश अग्रवाल ने बताया कि प्रतीक्षालय की छत बरसात में टपकती है और पूरा पानी अंदर भर जाता है, साथ ही वहां धूम्रपान करने वालों का जमावड़ा लगा रहता है और वार्ड 5 में होने के बावजूद यात्रियों के लिए शौचालय तक उपलब्ध नहीं है, जिससे महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत प्रतीक्षालय को सुव्यवस्थित रखना नगर परिषद की जिम्मेदारी है। वहीं शहीद स्मारक वार्ड 4 में वीडियो चौक के पास वाली नाली का लेआउट चार माह पहले तत्कालीन सब इंजीनियर महेश द्विवेदी एवं लोक निर्माण शाखा में पदस्थ राहुल पाटणकर द्वारा CMO के आदेश पर दिया गया था, पर उक्त नाली का कार्य आज तक शुरू नहीं किया गया है और नाली के बाजू में वर्षों से जमा कचरा रहवासियों के लिए बीमारी का घर बना हुआ है। वार्ड 4 के सोनू सलूजा ने बताया कि राजेश रहवडे के घर के सामने क्रॉसिंग नाली का आधा लेंटर टूट जाने से आए दिन बच्चे दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं और उन्होंने इसे जल्द सुधारने की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.