बैतूल। एकल हरि कथा अभियान एवं गौ ग्राम संस्कृति संरक्षण समिति द्वारा अधिक मास के पावन अवसर पर आयोजित होने जा रहे श्री रामचरितमानस महायज्ञ एवं श्री सीताराम नाम अखंड संकीर्तन के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु एकल हरि कथा प्रचार रथ को विधिवत प्रस्थान कराया गया।
परम पूज्य संत श्री श्री 1008 निक्कू दास जी महाराज जी की असीम कृपा से यह दिव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन दिनांक 17 मई से 17 जून 2026 तक बाबाजी की तपस्थली माधव गौशाला, रानीपुर आश्रम, जिला बैतूल में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य धर्म, संस्कार, राष्ट्रभावना एवं आध्यात्मिक चेतना का जन-जागरण करते हुए समाज में सद्भाव का विस्तार करना है।
प्रचार-प्रसार प्रभारी बनाए गए राकेश बडोने प्रचार रथ के माध्यम से जन-जागरण, धर्म-जागरण, पंच परिवर्तन तथा गौ माता के धार्मिक, सामाजिक एवं आर्थिक महत्व का प्रतिपादन करेंगे।
इस अवसर पर रथ पुजारी के रूप में श्री गिरधारी लाल जी को जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही गौ ग्राम संस्कृति संरक्षण समिति के व्यवस्थापक नंदलाल धुर्वे, पंच परिवर्तन पदयात्रा प्रभारी श्री प्रतीक जी राठौड़, व्यवस्था प्रमुख श्री मुकेश जी सोनी, साधक घनश्याम जी धरनेकर, आशीष लाजेश्वर, नीतू धरनेकर, किशन पुरवाये, ओम प्रकाश सहित विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।