एकल अभियान श्री हरि कथा कार्यालय का बैतूल में भव्य शुभारंभ
बैतूल।
एकल अभियान श्री हरि कथा कार्यालय का बैतूल में भव्य शुभारंभ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आगामी धार्मिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि पावन अधिक मास के अवसर पर संत श्री श्री 1008 निक्कू दास जी महाराज की तपोस्थली, माधव गौशाला आश्रम, रानीपुर में 17 मई से 17 जून 2026 तक श्री रामचरितमानस महायज्ञ, अखंड सीताराम संकीर्तन एवं देव प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं तथा गांव-गांव जनसंपर्क एवं धर्म जागरण अभियान चलाया जाएगा।
यह आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एकल हरि कथा अभियान एवं गौ ग्राम संस्कृति संरक्षण समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। कार्यक्रम में लगभग 244 केंद्रों एवं बैतूल जिले के लगभग 200 ग्रामों से श्रद्धालुओं की सहभागिता रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एकल हरि कथा अभियान भाग जिला अध्यक्ष एवं गौ ग्राम संस्कृति संरक्षण समिति के प्रांत संगठन मंत्री वीरेंद्र बिलगया जी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यालय का उद्घाटन अभियान प्रमुख संतराम यदुवंशी जी, जिला गतिविधि प्रमुख सोनू यादव, जिला प्रशिक्षण प्रमुख सोहन विश्वकर्मा, सच प्रमुख राजेश यादव, अखिलेश बायसेंद्रे, गणेश कमले, जगदीश यादव, अजीत यादव एवं किरण दीदी की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ।
अभियान प्रमुख संतराम यदुवंशी जी ने बताया कि प्रत्येक ग्राम में धर्म जागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत भारत माता आरती, सुंदरकांड पाठ, श्रीराम-सीताराम धुन कीर्तन, प्रभात फेरी एवं विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही समाज में सनातन संस्कृति के रचनात्मक कार्यक्रमों को सशक्त करने हेतु भव्य कलश यात्रा में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की कार्ययोजना बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि एकल हरि कथा अभियान एवं श्री रामचरितमानस महायज्ञ के माध्यम से ग्राम-ग्राम में जनजागरण किया जाएगा। हनुमत शक्ति जागरण, सनातन संस्कृति प्रचार-प्रसार, विश्व शांति तथा समाज में बढ़ रही धर्मांतरण, लव जिहाद, गौ हत्या एवं अन्य सामाजिक विकृतियों के प्रति जागरूकता लाने हेतु गांवों में संगोष्ठी, सत्संग, आरती एवं सुंदरकांड पाठ आयोजित किए जाएंगे।
समिति ने सभी श्रद्धालुजनों से अधिक मास में आयोजित इस दिव्य धार्मिक आयोजन में सपरिवार सहभागी बनकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।