जनगणना 2027: मकान सूचीकरण एवं मकानों के गणना कार्य में नागरिक सही जानकारी दे

 

 

जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जिले में किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के तहत प्रगणक घर-घर पहुंचकर मोबाइल द्वारा एचएलओ ऐप में जानकारी संकलित कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करने एवं सही एवं प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

 

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कहा है कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रगणकों को तथ्यात्मक एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराए।उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार का दस्तावेज, बैंक संबंधी जानकारी, आधार नंबर, पैन नंबर अथवा ओटीपी नहीं मांगा जाता है। प्रगणक केवल नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर विवरण दर्ज करते हैं।

 

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि प्रगणक के घर पहुंचने पर उनका पहचान पत्र अवश्य देखें तथा जनगणना कार्य में सकारात्मक सहयोग प्रदान करें। साथ ही यदि किसी नागरिक द्वारा स्व-गणना की गई है, तो संबंधित SE-ID प्रगणक को उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी अथवा अफवाहों पर ध्यान न दें। मकान सूचीकरण दौरान ली गई जानकारी पूर्णतः गोपनीय है एवं यह जानकारी सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत प्राप्त नहीं की जा सकती है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.