बैतूल को मॉडल जिला बनाएं: कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे
जनसहभागिता से #जल_संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में #बैतूल को मॉडल जिला बनाएं: कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे
पंख कार्यक्रम अंतर्गत दृष्टि योजना के तहत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न स्वैच्छिक संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सभी स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि जिले में पर्यावरण संरक्षण, वन ऊर्जा, नशा मुक्ति, प्राकृतिक कृषि सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में संस्थाओं द्वारा उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन में भी इन संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिले में जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अभी भी जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने पूर्व में किए गए जल संरक्षण कार्यों का डॉक्यूमेंटेशन करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे आगामी परियोजनाओं के लिए उपयोगी मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने सभी संस्थाओं से बैतूल जिले को जल संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में मॉडल जिला बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बैतूल जिले के नागरिक सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग एवं सक्रिय हैं। आगामी जल संरक्षण, कृषि एवं विकास परियोजनाओं में अपने सुझाव एवं सहयोग देकर जिले के समग्र विकास में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम सायगोहन में नमन सेवा संस्था द्वारा प्राकृतिक खेती की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी वहां जाकर कार्यों का अवलोकन करने का आग्रह किया। उन्होंने जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों से कहा कि नदी पुनर्जीवन के महत्व को देखते हुए रिज टू वैली तकनीक के आधार पर कार्य करें। साथ ही जन अभियान परिषद को नदी पुनर्जीवन के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा स्वैच्छिक संगठनों के सुझाव एवं सहयोग लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने आगामी मानसून से पूर्व ऐसी कम से कम एक पहाड़ी का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए, जहां हरियाली नहीं है और जहां जनसहभागिता से बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जा सके। बैठक में माचना नदी के अविरल प्रवाह को बनाए रखने के संबंध में भी चर्चा की गई तथा इस दिशा में प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने का आग्रह किया गया।
बैठक में जिला समन्वयक जन अभियान परिषद श्रीमती प्रिया चौधरी ने जन अभियान परिषद द्वारा स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण, जल संरक्षण एवं संवर्धन, पौधारोपण आदि गतिविधियों की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी। बैठक में पशुपालन, वन, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोटे सहित अन्य अधिकारी, स्वैच्छिक संगठन , जनअभियम परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।