*घोड़ाडोंगरी को मिली सिंचाई की सौगात: 3.67 करोड़ से बनेगा भोगईखापा बैराज*,
*214 हेक्टेयर खेत होंगे हरे-भरे*
*विधायक गंगा उईके ने सीएम डॉ. मोहन यादव, मंत्री सिलावट व प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल का जताया आभार*
*बैतूल, 22 अप्रैल।* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल संसाधन विभाग ने घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के पुनर्वास क्षेत्र चोपना के किसानों को बड़ी सौगात दी है। विभाग ने *भोगईखापा बैराज सिंचाई परियोजना* को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
*3.67 करोड़ रुपये* की लागत से बनने वाले इस बैराज से *214 हेक्टेयर* कृषि भूमि पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने पत्र क्रमांक 10.30/मंत्री/ज.स./2025 के माध्यम से क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके को इसकी सूचना दी। पत्र में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में सिंचाई रकबा बढ़ाने की दिशा में यह स्वीकृति दी गई है।
इस पर विधायक गंगा उईके ने कहा कि बैराज निर्माण से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल का आभार व्यक्त किया और कहा कि भाजपा सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
