सेकेंड ऑफिसर पद पर पदोन्नत हुए ओम द्विवेदी

 

रचनात्मकता व जीरो एरर कार्यशैली बनी आधार

बैतूल। नर्मदापुरम स्थित 13 मप्र बटालियन एनसीसी में आयोजित गरिमापूर्ण रैंक सेरेमनी में उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल के एनसीसी अधिकारी ओम द्विवेदी को सेकेंड ऑफिसर के पद पर पदोन्नत किया गया। समारोह के दौरान कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस पी सिंह एवं एडम ऑफिसर ले. कर्नल विवेक चुंदावत ने उनके कंधों पर सितारे लगाकर इसे औपचारिक रूप प्रदान किया। द्विवेदी को यह उपलब्धि डीजी एनसीसी नई दिल्ली व कार्यालय बटालियन से सौंपे गए दायित्वों के समयाविधि व ज़ीरो एरर कार्यशैली के लिए मिली।


भारतीय सेना से जुड़े लोग कहते है कि काम इतनी खामोशी से करो कि सफलता शोर मचा दे,

इसी बात को एनसीसी अधिकारी ओम द्विवेदी ने अपने निरंतर परिश्रम, सेनानुरूप कार्य और समर्पण से सही साबित किया। लगभग 2 वर्ष के अल्पकाल में ही एनसीसी के साप्ताहिक प्रशिक्षणो के उत्कृष्ट संचालन, वार्षिक शिविरों में कैडेट्स का अनुशासित एवं शानदार प्रदर्शन और संबंधित गतिविधियों में नवाचार इस पदोन्नति का आधार बना। एनसीसी से जूड़ी सामुदायिक गतिविधियों में आधुनिक व रचनात्मक प्रयोगों ने भी उन्हें विशेष पहचान दिलाई, जिसकी प्रशंसा कमान अधिकारी द्वारा पूर्व में भी की जा चुकी है। विगत वर्ष में आयोजित पहले व दूसरे दोनों शीतकालीन शिविरों में अपने शानदार प्रदर्शन से उत्कृष्ट विद्यालय के कैडेट दल ने सर्वश्रेष्ठ दल का पुरस्कार जीता था। साथ ही दूसरे शिविर में सर्वश्रेष्ठ कैडेट का पुरस्कार भी उत्कृष्ट विद्यालय के कैडेट को ही मिला। ज्ञात हो कि इस वर्ष 10वी कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणाम में भी विद्यालय के एक एनसीसी कैडेट ने प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है।

सेकेंड ऑफिसर बने ओम द्विवेदी ने बताया कि विद्यालय के छात्र सैनिको का अनुशासन व एनसीसी में बढ़ती रुचि व कार्य से ही उन्हें यह मुकाम हासिल हुआ है। इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवार, संस्था के प्राचार्य श्री उदयपुरे, श्री दाभाड़े एवं समस्त स्टाफ का निरंतर सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा, जिसने उनके कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया। रैंक सेरेमनी के उपरांत पारंपरिक विशेष सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर प्रमोट हुए अन्य एनसीसी अधिकारी, सूबेदार मेजर, ट्रेनिंग जेसीओ, बीएचएम, पीआई तथा कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे। इस उपलब्धि पर उनके शुभचिंतकों ने शुभकामनाएं दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.