*राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को मिली नई दिशा: समीक्षा बैठक, फील्ड विजिट एवं उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान*
जिले में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं गुणवत्ता सुधार को लेकर 13 अप्रैल 2026 को एक विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. ओ. पी. अनुरागी, DHO-1 डॉ. शांतनु दीक्षित, DHO-2 डॉ. के. एम. वरुण, प्रभारी DC श्रीमती जाग्रति त्रिवेदी, DCM श्री प्रवाल त्रिपाठी, संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल, संस्था प्रतिनिधि एवं दमोह
परियोजना समन्वयक की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक के दौरान कार्यक्रम के विभिन्न आयामों की गहन समीक्षा की गई। सभी परामर्शदाताओं से क्लाइंट लोड, क्लाइंट सर्विस, क्लिनिकल सर्विस एवं किशोरों को प्रदान की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों द्वारा सेवाओं की नियमितता, गोपनीयता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं मास्टर ट्रेनर्स से ब्लॉकवार आशा कार्यकर्ताओं की कुल संख्या, उनके अंतर्गत चयनित साथिया एवं प्रशिक्षित साथिया की स्थिति की जानकारी ली गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई क्षेत्रों में कार्य प्रगति पर है, जिसे और गति देने की आवश्यकता है। इस पर अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि साथिया ब्रिगेड मेंबर की एंट्री शीघ्रता से पूर्ण की जाए तथा सभी डेटा समय पर
अपडेट किया जाए, ताकि कार्यक्रम की वास्तविक स्थिति का सही आकलन हो सके। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी कार्यकर्ता समुदाय स्तर पर किशोर-किशोरियों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंच बनाएं तथा स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित करें। बैठक के अंत में संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले परामर्शदाता एवं मास्टर ट्रेनर्स को उपहार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है और वे और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं। इसी क्रम में 14 अप्रैल 2026 को संस्था अध्यक्ष
श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा विकासखंड बल्देवगढ़ स्थित उमंग स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया, जहां परामर्शदाता गुलनार खातून अपनी सेवाएं दे रही हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं, परामर्श सेवाओं एवं किशोरों को दी जा रही सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इसके पश्चात श्रीमती अग्रवाल ने ग्राम लखेरी का दौरा कर मास्टर ट्रेनर श्री बृजलाल केवट एवं श्रीमती लक्ष्मी राजपूत के कार्यक्षेत्र में संचालित सपोर्टिव सुपरविजन गतिविधियों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित आशा कार्यकर्ताओं, साथिया एवं ब्रिगेड सदस्यों से संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों, चुनौतियों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
संवाद के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से किशोरों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और समुदाय में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। संस्था अध्यक्ष ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान संस्था अध्यक्ष द्वारा कार्यक्रम की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए टीम के कार्यों की सराहना की गई। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सपोर्टिव सुपरविजन को और अधिक मजबूत किया जाए तथा प्रत्येक स्तर पर कार्य की गुणवत्ता बनाए रखी जाए, ताकि कार्यक्रम का लाभ अधिक से अधिक किशोर-किशोरियों तक पहुंच सके। इसके अतिरिक्त, आज दिनांक 14 अप्रैल 2026 को संस्था
प्रतिनिधि एवं जिला दमोह के परियोजना समन्वयक द्वारा जिला टीकमगढ़ के विकासखंड टीकमगढ़ के ग्राम अमरपुर में मास्टर ट्रेनर श्री जयराम पाल एवं श्रीमती आरती सोनी के कार्यक्षेत्र में संचालित सपोर्टिव सुपरविजन गतिविधि का विजिट किया गया। विजिट के दौरान ग्राम अमरपुर की आशा कार्यकर्ता, साथिया एवं ब्रिगेड सदस्यों से RKSK कार्यक्रम को लेकर संवाद किया गया, गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा कार्यक्रम से संबंधित गीत एवं खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे
किशोर-किशोरियों में सहभागिता एवं उत्साह देखने को मिला। इस प्रकार समीक्षा बैठक एवं फील्ड विजिट के माध्यम से न केवल कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया, बल्कि भविष्य की कार्ययोजना को भी स्पष्ट दिशा प्रदान की गई। यह पहल जिले में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
