*घोड़ाडोंगरी* : सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं जगत गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार 13 नवंबर से घोड़ाडोंगरी में नौ दिवसीय प्रभात फेरी का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ हुआ।
प्रभात फेरी में सिख समाज की महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अमृतवेले की पावन बेला में संगत ने गुरुवाणी का मधुर गायन करते हुए सतनाम वाहेगुरु के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रभात फेरी के प्रथम दिन श्री अवतार सिंह सलूजा परिवार द्वारा अपनी दुकान पर संगत की उपस्थिति में अरदास करवाई गई। इसके पश्चात गुरुद्वारा साहिब में संगत के लिए चाय-नाश्ते की सेवा की गई।
उल्लेखनीय है कि यह प्रभात फेरी 13 नवंबर से 21 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 5 बजे गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा घोड़ाडोंगरी से निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से संगत को गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, सेवा, सिमरन एवं मानवता के संदेश से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
गुरुद्वारा प्रबंध समिति एवं पंजाबी / सिक्ख समाज द्वारा समस्त गुरु प्यारी साध संगत से प्रतिदिन प्रभात फेरी में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील की गई है।