*राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में सेवाओं की गुणवत्ता पर जोर, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान*
*
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत जिला पन्ना में कार्यरत परामर्शदाताओं एवं प्रशिक्षकों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, सेवाओं की गुणवत्ता एवं फील्ड स्तर की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश प्रसाद तिवारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO-2) डॉ. एम. के. गुप्ता, जिला समन्वयक डॉ. संजय अहिरवार, संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल एवं परियोजना समन्वयक जीतेंद्र सिंह भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। *समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश प्रसाद तिवारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी
(DHO-2) डॉ. एम. के. गुप्ता एवं जिला समन्वयक डॉ. संजय अहिरवार द्वारा अंत तक अपना अमूल्य समय प्रदान करते हुए कार्यकर्ताओं को कार्यों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।* समीक्षा के दौरान सभी परामर्शदाताओं के क्लाइंट लोड, क्लाइंट सर्विस एवं क्लिनिकल सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली गई। साथ ही प्रशिक्षकों से ब्लॉकवार आशा, साथिया एवं प्रशिक्षित साथिया की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर कार्यक्रम के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में विशेष रूप से साथिया ब्रिगेड मेंबर की एंट्री को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
इसी क्रम में संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा जिला चिकित्सालय (डी.एच.) पन्ना स्थित उमंग
स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान परामर्शदाता शिवा दुबे के साथ केंद्र के समस्त रिकॉर्ड का अवलोकन कर सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक सुझाव प्रदान किए गए। निरीक्षण के पश्चात सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्ता से भी भेंट की गई। इस दौरान यह उल्लेख किया गया कि विगत तीन वर्षों से जिला चिकित्सालय पन्ना में उमंग स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में आ रही समस्याओं का निराकरण करते हुए सिविल सर्जन द्वारा इसे स्थापित कराया गया है। इस महत्वपूर्ण सहयोग हेतु संस्था अध्यक्ष एवं ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा उनका हृदय से आभार व्यक्त किया गया। बैठक के अंत में संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा
उत्कृष्ट कार्य करने वाले परामर्शदाताओं एवं प्रशिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी को इसी प्रकार समर्पण भाव से कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया गया। यह संपूर्ण गतिविधि जिले में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।
