छोटे से गांव की बेटी तेजल बारस्कर ने किया कमाल, 10वीं बोर्ड में 96.6% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
बैतूल जिले के Govt. Excellence Higher Secondary School, Betul की मेधावी छात्रा तेजल बारस्कर ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 500 में से 482 अंक (96.6%) प्राप्त किए हैं। उनकी इस शानदार सफलता से उनके गांव, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
तेजल के पिता दिलीप बारस्कर ने बताया कि तेजल बचपन से ही पढ़ाई में हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करती रही है। उन्हें पूरा विश्वास था कि तेजल 10वीं जैसे महत्वपूर्ण बोर्ड परीक्षा में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी, और आज उसने अपने कठिन परिश्रम से यह विश्वास सच साबित कर दिया है।
वहीं तेजल की माता श्रीमती कमला बारस्कर ने बताया कि तेजल ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग संस्थान के केवल स्व-अध्ययन (Self Study) के माध्यम से प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि तेजल नियमित पढ़ाई, अनुशासन और मेहनत से ही इस मुकाम तक पहुंची है।
तेजल तहसील बैतूल के ग्राम जीन की निवासी हैं। अपनी सफलता पर तेजल ने बताया कि आगे चलकर वह इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं और इसके लिए वह आगे भी पूरी मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखेंगी।
तेजल की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

