जिले में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों से बचने की अपील

 

 

जिला बैतूल । जिला आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम ने कहा कि बैतूल जिले में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा ऑयल कंपनी से आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऑयल कंपनियों द्वारा एहतियातन घरेलू गैस कनेक्शन की रिफिल बुकिंग अवधि 21 दिवस के स्थान पर 25 दिवस कर दी गई है। साथ ही कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई उपलब्धता के आधार पर निरंतर जारी है। अत्यंत आवश्यक संस्थाओं चिकित्सालय, शैक्षणिक संस्थाओं में आपूर्ति निर्बाध जारी है। गैस कनेक्शन की रिफिल बुकिंग में सर्वर की कुछ आंशिक समस्या के कारण कुछ विलंब हो रहा है। जिसका निराकरण भी ऑयल कंपनियों से सतत समन्वय कर दुरूस्त किया जा रहा है।

इसके अलावा होटल, रेस्टोरेन्ट, उद्योग संस्थानों को ईंधन के रूप में एलपीजी के अतिरिक्त अन्य ईंधन के विकल्प के उपयोग के लिए भी समझाइश दी जा रही है। जिससे कि होटल, रेस्टारेन्ट, उद्योग संस्थान भी सुचारू रूप से संचालित रहे।

अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय दण्डाधिकारी के नेतृत्व में तहसीलदार, पुलिस थाना प्रभारी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी का दल गठित कर एलपीजी के उपयोग एवं सप्लाई पर सतत निगरानी करायी जा रही है। जिले में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की कमी या आपात जैसी स्थिति नहीं है। आमजनों से अपील की है कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यम से अफवाह जनक जानकारी से भ्रमित न हो।