अंधाधुंध रफ्तार का कहर, डंपर ने स्ट्रीट लाइट तोड़ी, दुपहिया की टक्कर से छात्राएं व वरिष्ठ नागरिक घायल

Ashish Agrawal

घोड़ाडोंगरी नगर परिषद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में एक तेज रफ्तार डंपर ने मेन रोड पर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर लगी नगर परिषद की स्ट्रीट लाइट पोल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
इसी क्रम में आज सुबह मेन रोड पर एक और गंभीर घटना सामने आई, जहां तेज रफ्तार दुपहिया वाहन ने पैदल चल रही दो छात्राओं और नगर के एक वरिष्ठ नागरिक को टक्कर मार दी। जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर में भारी वाहन और दुपहिया वाहन बेलगाम गति से दौड़ रहे हैं। पूर्व में भी कई बार नगर परिषद की बैठकों में यह मुद्दा उठाया जा चुका है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

घटनाओं से आक्रोशित नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर क्षेत्र में गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए, डंपर व भारी वाहनों के प्रवेश समय को नियंत्रित किया जाए तथा नियमित पुलिस निगरानी व चालानी कार्रवाई कर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।