केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में सतपुड़ा ताप विद्युत गृह, सारनी में आयोजित 48 वीं अंतरक्षेत्रीय विद्युत रस्साकशी
सारनी। केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में सतपुड़ा ताप विद्युत गृह, सारनी में आयोजित 48 वीं अंतरक्षेत्रीय विद्युत रस्साकशी (टग ऑफ वार) प्रतियोगिता में श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया (खंडवा) की टीम ने केन्द्रीय कार्यालय टीम को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया और केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने उपविजेता बनने का गौरव पाया। उल्लेखनीय रूप से पूरे टूर्नामेंट में सिंगाजी की टीम पूरी तरह अजेय रही। इसके साथ ही टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर 8 खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
आयोजित दो-दिवसीय प्रतियोगिता में कुल नौ टीमों – श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह, टोंस जल विद्युत गृह सिरमौर, सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी, इंदौर, उज्जैन, सागर, भोपाल, ग्वालियर व केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने भाग लिया।
केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने अपने प्रारंभिक मैच में भोपाल व ग्वालियर क्षेत्र को एकतरफा मुकाबले में पराजित किया। सेमीफाइनल में केन्द्रीय कार्यालय ने सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी को एवं श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह ने उज्जैन क्षेत्र को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह की टीम केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर पर भारी पड़ी। श्री सिंगाजी की टीम अपने खिलाड़ियों के दमखम के आधार पर फाइनल मैच जीतने में सफल हुई। उज्जैन क्षेत्र ने मेजबान सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी को पराजित कर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया।
टीम मैनेजर एवं कप्तान श्री यशवंत सिंह धुर्वे के नेतृत्व में मैदान में उतरी सिंगाजी की टीम में अफजल खान, गणेश डांडगे, संजय कातोलकर, सुभाष रंगोथा, मनीष टंडन, मनोज उरांव, विशाल केवट, दिलीप डावर, मुकेश शुक्ला, दिलावर खान एवं संजय निम्बोल शामिल रहे।
इस ऐतिहासिक जीत और खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन पर मेज़बान विद्युत गृह के मुख्य अभियंता सुशील लिल्हारे तथा श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह के मुख्य अभियंता आर.के. साहू ने टीम मैनेजर व कप्तान यशवंत सिंह धुर्वे सहित सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।