नर्मदापुरम ने पहली पारी में बनाए 307 रन, बैतूल ने दिन का खेल समाप्त होने तक गंवाया एक विकेट
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय श्री जिनवरदास फौजदार स्मृति अंडर-15 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा मुकाबला रविवार को मेजबान नर्मदापुरम और बैतूल के बीच एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम में प्रारंभ हुआ। मुकाबले के पहले दिन नर्मदापुरम की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 307 रन बनाए। जवाब में बैतूल की टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट के नुकसान पर 6 रन बना लिए थे।
नर्मदापुरम के कप्तान ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी
संभाग के मानसेवी सचिव श्री प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि मुकाबले में नर्मदापुरम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 90 ओवरों के खेल में 82.3 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 307 रन बनाकर अपने सभी विकेट गंवा दिए।
नर्मदापुरम की ओर से दिव्यराज सिंह राजपूत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 82 रन बनाए। आरुष उपाध्याय ने 58 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि प्रज्ञान थापक ने 41, आदित्य श्रीवास्तव ने 37 और अंश अग्रवाल ने 31 रनों का योगदान दिया। इन बल्लेबाजों के प्रयास से नर्मदापुरम की टीम 300 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही।
रुद्रा चिलहाते ने झटके तीन विकेट
बैतूल की ओर से गेंदबाजी करते हुए रुद्रा चिलहाते ने शानदार प्रदर्शन कर तीन विकेट हासिल किए। देवांशु चौहान और अक्षत महोबे ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सूर्यांश सूर्यवंशी, तनिष्क सातनकर और संस्कार वर्मा को एक-एक विकेट मिला।
बैतूल की शुरुआत में गिरा एक विकेट
नर्मदापुरम की पहली पारी के 307 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बैतूल की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दिन का खेल समाप्त होने तक बैतूल ने 6 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट संस्कार वर्मा के रूप में गंवा दिया। पहली पारी के आधार पर बैतूल की टीम अभी नर्मदापुरम से 301 रन पीछे है। दूसरे दिन का खेल मुकाबले की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण रहेगा।
स्वर्गीय जिनवरदास फौजदार का खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान
स्वर्गीय श्री जिनवरदास फौजदार अपने समय के प्रतिष्ठित पहलवान थे। उन्होंने नर्मदापुरम संभाग में कुश्ती को बढ़ावा देने और खेल संस्कृति को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से क्षेत्र के खेलप्रेमियों को देश के प्रसिद्ध पहलवान दारा सिंह और चंदगीराम जैसे दिग्गज खिलाड़ियों से रूबरू होने का अवसर मिला। खेलों के प्रति उनका समर्पण और योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मैच के दौरान एमपीसीए प्रबंधन समिति के सदस्य श्री अनुराग मिश्रा, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव श्री मनोहर बिलथरिया, चयनकर्ता श्री शफीक खान, कोच श्री नितेश राजपूत, अंपायर श्री आदित्य राजपूत एवं श्री हरीश हनोतिया, स्कोरर श्री कुणाल पटेल सहित खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।