आठनेर – क्षेत्र के ग्राम जावरा में बुधवार रात्रि को आयोजित श्री श्याम भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और आस्था के अद्भुत वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुई। बाबा श्याम के जयकारों और मधुर भजनों से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित किया। स्थानीय स्कूल ग्राउंड, जावरा में आयोजित इस भजन संध्या का शुभारंभ विधिवत पूजन-अर्चन एवं बाबा श्याम की ज्योति प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात आरंभ हुई भजनों की श्रृंखला देर रात्रि तक अनवरत चली, जिसमें श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति में लीन नजर आए। भजन गायिका दिव्यांशी विश्वकर्मा (सोंसर) एवं खुशी ठाकुर (बैतूल) ने अपनी सुमधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं भजन गायक एवं दरबार सेवक दिनेश कुमार ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करते हुए भक्तिमय समां बांध दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस दिव्य आयोजन का सफल संचालन बाबा श्याम के आशीर्वाद से श्री श्याम कृपा युवा मित्र मंडल जावरा के तत्वावधान में किया गया। समिति के सदस्यों के अथक प्रयासों से कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों, सहयोगकर्ताओं, व्यवस्थापक समिति एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों के निरंतर आयोजन का संकल्प लिया।
Comments are closed.