एम पी सी ए इन्दौर की मैच रेफरी पैनल में नर्मदापुरम संभाग के चार सदस्य चयनित

एम पी सी ए इन्दौर की मैच रेफरी पैनल में नर्मदापुरम संभाग के चार सदस्य चयनित

*प्रदीप सिंह तोमर, के.जी. शर्मा, अनिल दीक्षित एवं माधव हर्णे ने परीक्षा उत्तीर्ण कर हासिल की पात्रता*

आशीष उघड़े जिला नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा प्रदेश की विभिन्न क्रिकेट प्रतियोगिताओं के सफल संचालन हेतु आगामी तीन वर्षों के लिए मैच रेफरी का पैनल तैयार किया गया है। इंदौर में आयोजित चयन प्रक्रिया एवं परीक्षा में नर्मदापुरम डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के चार सदस्यों ने सफलता प्राप्त कर मैच रेफरी के रूप में कार्य करने की पात्रता हासिल की है।

चयनित सदस्यों में प्रदीप सिंह तोमर,अनिल दीक्षित, कृष्ण गोपाल शर्मा एवं माधव हर्णे शामिल हैं।

इस संबंध में एम पी सी ए इन्दौर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री अनुराग मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मैच रेफरी के लिए इच्छुक पूर्व क्रिकेटरों एवं क्रिकेट के नियमों की अच्छी जानकारी रखने वाले व्यक्तियों हेतु पूर्व में इंदौर में एक विशेष सेमिनार आयोजित किया गया था। इसमें प्रदेश के सभी संभागीय क्रिकेट एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की थी। सेमिनार में प्रतिभागियों को मैच रेफरी की भूमिका, क्रिकेट के नियमों, जिम्मेदारियों एवं प्रतियोगिताओं के दौरान कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई थी।

इसके पश्चात आयोजित चयन प्रक्रिया एवं परीक्षा में सफलता प्राप्त कर नर्मदापुरम संभाग के इन चारों सदस्यों ने मैच रेफरी पैनल में स्थान बनाने की पात्रता प्राप्त की है।

नर्मदापुरम संभाग के लिए यह गौरव का विषय है कि एक साथ चार सदस्यों को एम पी सी ए इन्दौर के मैच रेफरी पैनल में स्थान पाने की पात्रता मिली है। इस उपलब्धि पर नर्मदापुरम संभाग के समस्त पदाधिकारियों एवं क्रिकेट जगत से जुड़े सदस्यों ने चारों चयनित सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.