आशीष उघड़े जिला बैतूल/सारनी । लिटिल फ्लावर हायर सेकेण्डरी स्कूल पाथाखेड़ा के पूर्व प्राथमिक और प्राथमिक कक्षाओं के छात्रों को शैक्षिक भ्रमण के साथ ही पर्यटन स्थल, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराते हुए पुलिस म्यूजियम रानीपुर का भ्रमण कराया गया।
संस्था प्रबंधक सिस्टर मेरीसिलीन से प्राप्त जानकारी अनुसार प्राचार्य सिस्टर अनुजा किरण एवं वरिष्ठ व्याख्याता एम एस कुरैशी के मार्गदर्शन में पूर्व प्राथमिक कक्षाओं के 65 एवं प्राथमिक कक्षाओं के 86 छात्रों ने पुलिस म्यूजियम रानीपुर का अवलोकन किया। पुलिस अधिकारी पूनम तिवारी ने छात्रों को पुलिस म्यूजियम में संग्रहित अभिलेख, पुलिस शस्त्र, पुरानी और नई पुलिस यूनिफार्म, पुलिस रैंकिंग की पहचान आदि की विस्तृत जानकारी दी। कुरैशी सर ने छात्रों को संग्रहालय में रखी सामग्री और अमर शहीद सरदार विष्णु सिंह उइके के साथ ही अन्य शहीदों के चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से बताया कि सरदार विष्णु सिंह उइके के आजादी सत्याग्रह में योगदान और महात्मा गांधीजी के साथ सत्याग्रह में सहयोग की स्मृति में शासकीय महाविद्यालय बगडोना और जिला मुख्यालय बैतूल में स्थित बस स्टैंड का नाम सरदार विष्णु सिंह उइके के नाम पर रखा गया है। पुलिस म्यूजियम रानीपुर में ऐतिहासिक महत्व की जानकारी प्राप्त कर शिक्षकों के साथ छात्रों का दल विद्युत नगरी सारनी पहुंचा। जहां छात्रों ने जाना कि मध्यप्रदेश के साथ अन्य प्रदेशों को रोशन कर निरंतर बिजली आपूर्ति सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारनी से की जाती है। छात्रों ने पुलिस थाना सारनी, श्री राम मंदिर, बाबा मठारदेव तलहटी मंदिर, सांई मंदिर में दर्शन करने के बाद शहीद स्मारक सारनी पहुंच कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किए।
छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण के दौरान खेलो में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया।
छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण कर ऐतिहासिक, धार्मिक स्थल, पर्यटन स्थल से अवगत कराने में वरिष्ठ व्याख्याता एम एस कुरैशी के साथ ही आशीष राय, शिक्षिका पिंकी राजेश, कांति सूर्यवंशी, लक्ष्मी ठाकुर, अंबर यादव, सरिता, खुशबू अंसारी, किरण यादव का योगदान सराहनीय है।