घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में 13 चिकित्सकों की नियुक्ति, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके के प्रयासों से विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में हुई पदस्थापना, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जताया आभार

 

 

घोड़ाडोंगरी। विधानसभा क्षेत्र घोड़ाडोंगरी में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 13 बंधपत्र चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ने और मरीजों को समय पर उपचार मिलने में मदद मिलेगी।

 

क्षेत्र में नियमित चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके ने इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के समक्ष लगातार क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को रखा। इसके परिणामस्वरूप विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में 13 चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है।

 

समय पर उपचार से गंभीर स्थिति को नियंत्रित करने में मिलेगी मदद : विधायक

 

विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों और उपस्वास्थ्य केंद्रों के स्तर पर नियमित चिकित्सकों की उपलब्धता बेहद आवश्यक है। यदि मरीज को शुरुआती अवस्था में ही डॉक्टर की सलाह और उचित उपचार मिल जाए, तो उसकी स्थिति को बिगड़ने से पहले नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

 

उन्होंने कहा कि कई बार समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं मिलने के कारण मरीज की स्थिति गंभीर हो जाती है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर डॉक्टरों की उपलब्धता मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।

 

विधायक ने कहा कि 13 चिकित्सकों की नियुक्ति से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और आम नागरिकों को समय पर चिकित्सा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

 

इन स्वास्थ्य केंद्रों में हुई चिकित्सकों की पदस्थापना

 

1. डॉ. वैशाली मौर्य — सीएचसी चिचोली

2. डॉ. तन्मय पेंदाम — पीएचसी पाढर

3. डॉ. मयंक सिरसाम — सीएचसी घोड़ाडोंगरी

4. डॉ. अजय कुमार साकोम — पीएचसी हीरापुर

5. डॉ. यश्वी चौहान — सीएचसी चिचोली

6. डॉ. दीपिका चतुरकर — सीएचसी शाहपुर

7. डॉ. आशीष बामंका — सीएचसी चिचोली

8. डॉ. लवीना अखंडे — सीएचसी शाहपुर

9. डॉ. उत्कर्ष मालवीय — सीएचसी शाहपुर

10. डॉ. संजय काकोदिया — पीएचसी चिरापाटला

11. डॉ. रिशिका खोब्रे — सीएचसी चिचोली

12. डॉ. अथर्व शर्मा — सीएचसी शाहपुर

13. डॉ. रीमा कापसे — पीएचसी भौंरा

 

बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता

 

विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके ने चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल का हृदय से आभार व्यक्त किया।

 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा आम नागरिकों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.