चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच तवा नदी के राजडोह घाट पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, कुंड में विसर्जित की गई पूजन सामग्री एवं छोटी प्रतिमाएं
प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में तैनात रहा दल, पानी में उतरने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहा, आज और कल भी रहेंगी व्यवस्थाएं।
सारनी। नगर पालिका क्षेत्र में तवा नदी के राजडोह घाट पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। नगर पालिका द्वारा यहां हाईड्रा मशीन (क्रेन) एवं कर्मचारियों को तैनात किया गया। वहीं एहतियातन नाव, गोताखोर तैनात रखे गए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका द्वारा प्रतिमा विसर्जन हेतु राजडोह घाट पर कुंड की व्यवस्थाएं की। साथ ही यहां हाईड्रा मशीन (क्रेन), नाव, गोताखोर एवं कर्मचारियों को तैनात किया गया। विसर्जन सुचारू रूप से संपन्न हो इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सतत निगरानी रखी। शाहपुर एसडीएम प्रपंच आर. (आई.ए.एस.) एवं एसडीओपी प्रियंका करचाम ने गुरुवार रात्रि 8 बजे
विसर्जन स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से यहां पुलिस बल भी तैनात किया गया। विसर्जन स्थल पर लाइटिंग, टेंट, बैठक, पेयजल व अन्य व्यवस्थाएं नगर पालिका द्वारा की गई। नगर पालिका के बेहतर प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पडा। पूजन सामग्री एवं छोटी प्रतिमाओं को एनजीटी के निर्देशानुसार कुंडों में विसर्जित किया गया। बड़ी प्रतिमाओं को नदी के किनारे क्रेन के जरिए विसर्जन किया गया। किसी भी श्रद्धालु अथवा आम नागरिक को पानी के भीतर उतरने की मनाही थी। चाक चौबंद व्यवस्थाओं के बीच देर रात तक विसर्जन रहा। विसर्जन हेतु शनिवार एवं रविवार को भी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएगी।