*छठ पूजा घाट पर चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच व्रतधारी 15 की शाम और 16 नवंबर की सुबह सूर्य को देंगे अर्घ्य, नौका विहार पर पूरी तरह से प्रतिबंध*

-*

_टेंट, लाइटिंग, पार्किंग समेत सारी व्यवस्थाएं पूरी, गोताखोर रहेंगे तैनात, वाहनों के आवागमन पर रहेगा प्रतिबंध।_

सारनी। तवा नदी के छठ पूजा घाट पर 15 एवं 16 नवंबर को छठ पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर नगर पालिका परिषद सारनी ने व्यवस्थाएं पूरी कर ली है। चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच व्रतधारी सूर्य को अर्घ्य देंगे। तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे व अन्य अधिकारियों ने छठ पूजा घाट का निरीक्षण किया। आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

छठ पूजा घाट पर प्रतिवर्ष उत्तरभारतीय एवं भोजपुरी समुदाय के लोग पूजन करने पहुंचते हैं। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा यहां श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम किए जाते हैं। शुक्रवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे, उपयंत्री रविंद्र वराठे, कमलेश पटेल, भोजपुरी एकता मंच के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह, विक्की सिंह, सुभाष सिंह, लिपिक राजेश वाग्रद्रे, टाइम कीपर संजीत मंडल, कमल बिहारे, सुनील सहारे अक्षय जोशी समेत अन्य लोगों ने छठ पूजा घाट का निरीक्षण किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयसीमा में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान नौका विहार करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। पार्किंग, टेंट, लाइटिंग, पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाओं की उन्होंने समीक्षा की। इससे पूर्व उन्होंने शिव मंदिर पाथाखेड़ा स्थित छठ पूजा स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

*क्षेत्रीय उपकार्यालय का किया निरीक्षण, स्टॉफ से ली जानकारी :*

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद सारनी के क्षेत्रीय उप कार्यालय पाथाखेड़ा का निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान यहां अपेक्षाकृत कम कर्मचारी मिले। उन्होंने जन सुविधा हेतु आवश्यक मात्रा में कर्मचारियों को तैनात रहने के निर्देश दिए। यहां के आधार केंद्र का भी उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड 17 के पार्षद गणेश महस्की, वार्ड 19 के पार्षद जफर अंसारी, उपयंत्री कमलेश पटेल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.