टीकमगढ़, 22 सितंबर 2026। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत जिला टीकमगढ़ में जिला स्तरीय साथिया समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय एवं जिला CEO श्री विवेक धाकड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने किशोर-किशोरियों के उत्तम शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ व्यक्तिगत एवं आसपास के वातावरण की स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किशोर स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में साथिया की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा किशोर-किशोरियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए निरंतर जागरूकता, मार्गदर्शन और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी साथिया को समुदाय स्तर पर सक्रियता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथिया को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा साथिया की गतिविधियों में निरंतर सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में DHO-1 डॉ. शांतनु दीक्षित, DHO-2 डॉ. के.एम. वरुण एवं RKSK जिला समन्वयक श्रीमती जागृति त्रिवेदी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों को उमंग कॉर्नर एवं साथिया कॉर्नर के माध्यम से संचालित गतिविधियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए किशोर स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
DHO-2 डॉ. के.एम. वरुण ने कहा कि किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों को समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में साथिया, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने साथिया को नियमित रूप से किशोर-किशोरियों के बीच स्वास्थ्य एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित करने के लिए प्रेरित किया।
RKSK जिला समन्वयक श्रीमती जागृति त्रिवेदी ने कहा कि साथिया कार्यक्रम किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी साथिया से सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम की गतिविधियों को समुदाय स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का आह्वान किया।
समागम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले मास्टर ट्रेनर, साथिया, आशा कार्यकर्ता, आशा सहयोगी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले साथिया को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी वितरित किए गए।
ग्राम भारती महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल ने साथिया को विभिन्न गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया।
वहीं BGMS, इंदौर संस्था से पधारे श्री योगिराज जी द्वारा उमंग कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्यों, किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा उमंग कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन किशोरों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में साथिया द्वारा बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। साथिया ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) से संबंधित विभिन्न विषयों पर गीत, नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य प्रस्तुतियां प्रस्तुत कर किशोर स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर कुछ किशोर साथिया द्वारा अपनी सफलता की कहानियां मंच से जिला कलेक्टर महोदय के समक्ष साझा की गईं तथा बताया गया कि साथिया के रूप में जुड़ने के बाद उन्होंने स्वयं में एवं अपने समुदाय में किस प्रकार सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया। कार्यक्रम में प्रस्तुतियों का क्रम लगभग पूरे दिन जारी रहा, जिसमें किशोर-किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को जीवंत एवं प्रभावी बनाया
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सरपंच, आशा सहयोगी, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसेडर तथा किशोर एवं किशोरी साथिया सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में ग्राम भारती महिला मंडल की ओर से संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल, संभागीय प्रतिनिधि श्री नितेश कुसम्हा, परियोजना समन्वयक श्री प्रभु दयाल कुशवाहा, परामर्शदाता नेहा तिवारी, साहिस्ता परवीन, वर्षा कुशवाहा, रेखा शर्मा एवं गुलनार तथा मास्टर ट्रेनर मोनिका सेन, सुनील कुमार पाल, जयराम पाल, नीतू तिवारी, रजनी लोधी, रोहित कुमार अहिरवार, लक्ष्मी राजपूत एवं बृजलाल केवट सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्राम भारती महिला मंडल के संभागीय प्रतिनिधि श्री नितेश कुसम्हा ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने साथिया कार्यक्रम की आगामी गतिविधियों एवं कार्ययोजना की रूपरेखा विस्तार से समझाते हुए समुदाय स्तर पर किशोर स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए साथिया को प्रेरित किया।
समागम के माध्यम से किशोर-किशोरियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता तथा समुदाय में साथिया की भूमिका को मजबूत करने का संदेश दिया गया।