_राजस्व, पीडब्ल्यूडी, स्वच्छता, स्थापना, वाहन शाखा का निर्देश, सभी शाखाओं से मांगी पूर्ण जानकारी।_
सारनी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे ने मंगलवार को प्रशासनिक दृष्टि से कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी शाखा प्रमुखों को रिकार्ड दुरूस्त करने, शाखाओं में स्वच्छता रखने समेत अन्य निर्देश दिए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे सुबह 11 बजे औचक रूप से नगर पालिका की वाहन शाखा में पहुंचे। यहां उन्होंने शाखा प्रभारी से कार्य की जानकारी ली। उन्होंने वाहनों की सर्विसिंग, डीजल समेत अन्य जानकारी हासिल की। इसके बाद से लेखा शाखा, राजस्व शाखा, जल शाखा, विद्युत शाखा, प्रधानमंत्री आवास शाखा, स्थापना और स्वच्छता शाखा में भी पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से वन-टू-वन चर्चा की। कार्य के रिकार्ड को दुरूस्त रखने और स्वच्छता रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि कर्मचारी को यदि कोई समस्या है तो वे सीधे उन्हें बताएं, लेकिन आम जनता को निकाय द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाली सेवाओं में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर पालिका आने वाले लोगों के कार्य समय सीमा में पूरे हों। इस दौरान उनके साथ सहायक लेखाधिकारी ब्रजेश नागर, सहायक राजस्व निरीक्षक हितेश शाक्य, उपयंत्री कमलेश पटे समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।