बैतूल जिले के पुनर्वास क्षेत्र में बढ़ रहा गरीबों का आंकड़ा, बढ़ते गरीबों पर उठ रहे सवालिया निशान

घोड़ाडोंगरी तहसील क्षेत्र के पुनर्वास क्षेत्र में गरीबी रेखा में जीवन यापन करने वाले परिवारों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन तेजी से बढ़ रहा है । सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाल ही में आमडोह ग्राम पंचायत में 42 गरीब परिवार और पाए गए हैं । जिनके नाम गरीबी रेखा में जोड़े गए हैं। इसी प्रकार बटकीड़ोह मैं 18 परिवार, हीरापुर में 15 परिवार, गोपीनाथपुर में दो, चोपना में तीन, झोली में विष्णुपुर में एक, कोलिहया में दो परिवारों के नाम हाल ही में गरीबी रेखा में जोड़े गए हैं।

घोड़ाडोंगरी तहसील क्षेत्र की चोपना ग्राम पंचायत में सबसे अधिक 1000 से अधिक गरीब परिवार निवास करते हैं । मिली जानकारी के मुताबिक घोड़ाडोंगरी तहसील क्षेत्र की 55 ग्राम पंचायतों में 15 हजार के करीब गरीब परिवार रहते हैं। घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में 750 परिवार गरीबी रेखा में जीवन यापन करते हैं । घोड़ाडोंगरी तहसील क्षेत्र के बंजारीढाल में सबसे कम करीब 101 परिवार गरीबी रेखा में जीवन यापन करते हैं। वही पुनर्वास क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में लगातार बढ़ रहे गरीबी रेखा के परिवार कई तरह के सवालिया निशान उठा रहे हैं । जिस तेजी से पुनर्वास क्षेत्र में गरीबों का आंकड़ा बढ़ रहा है उसको लेकर चर्चाएं हैं कि गरीबी रेखा में नाम जोड़ने को लेकर एक बड़ा खेल चल रहा है ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.