तेलकर की नियुक्ति में बड़ा खेल होने की आशंका,भाजपा नेता विशाल बत्रा ने भी मंत्री को पत्र लिखा

घोड़ाडोंगरी । घोड़ाडोंगरी नगर परिषद की कल होने वाली पीआईसी की बैठक में 28 नंबर के प्रस्ताव में अंकुर तेलकर की अनुकंपा नियुक्ति के प्रस्ताव के मामले में संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। विभिन्न विभागों में अनुकंपा नियुक्ति के हजारों प्रकरण लंबित हैं। संबंधित विभागों की अनुकंपा नियुक्ति की वेटिंग लिस्ट क्लियर हुए बिना अन्य विभागों के कर्मचारियों को दूसरे विभाग में नियुक्ति नहीं दी जा सकती है। यही स्थिति नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में भी है। तब सीधे घोड़ाडोंगरी सीएमओ के प्रस्ताव को आधार बनाकर शिक्षा विभाग के प्राचार्य रहे स्वर्गीय रामकिशोर तेलकर के पुत्र अंकुर तेलकर को नगरीय प्रशासन विभाग के तहत घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में अनुकंपा नियुक्ति दी जा रही है। आज होने वाली पीआईसी की बैठक में इस नियुक्ति के सम्बंध में पीआईसी से अनुमोदन कराने की भी तैयारी है। चर्चा यह भी है कि इस अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण में नगरीय प्रशासन विभाग के विभागीय अधिकारियों के बीच बड़े पैमाने पर फाइनेंसियल मैनेजमेंट हुआ है। इसी के कारण मई 2022 में घोड़ाडोंगरी सीएमओ द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को आधार बनाकर अगस्त 2022 में जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगा ली गई। और अंत में विभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय से नियुक्ति के संबंध में पत्र भी जारी करा लिया गया है जिसका अनुमोदन आज की पीआईसी की बैठक में होना है। हालांकि इस मामले में क्या गड़बड़ हुई है इसकी टोह लेने के लिए आरटीआई एक्टिविस्ट और कुछ पार्षद भी सक्रिय हो चुके हैं। मामले की जानकारी लगने पर भाजपा नेता विशाल बत्रा ने भी सारे प्रकरण की जांच के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा की मुझे कुछ भाजपा पार्षदों एवं पत्रकारों ने मामले की जानकारी दी है। नियुक्ति के ऐसे प्रकरणों में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए और किसी भी विभाग की वेटिंग लिस्ट के हिसाब से ही अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का निराकरण किया जाना चाहिए। अगर घोड़ाडोंगरी में दी जा रही उक्त नियुक्ति के प्रकरण में किसी भी नियम का उल्लंघन हुआ होगा तो शासन स्तर से इस मामले में जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्यवाही करवाई जाएगी

Leave A Reply

Your email address will not be published.