➡️ सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, लक्ष्य के लिए आज से शुरू करें तैयारी : विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे
➡️ जागरूक और आधुनिक तकनीकी से अपडेट रहे युवा, सफलता की राह में परिस्थितियां नहीं बनतीं बाधा : कलेक्टर डॉ सोनवणे
➡️ #युवा_संवाद में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने युवाओं को दिए सफलता के मंत्र
आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि मेहनत के अलावा सफलता का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। सफलता एक दिन में हासिल नहीं होती, इसलिए युवाओं को अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की तैयारी आज से ही शुरू कर देनी चाहिए। युवा अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें तथा लक्ष्य निर्धारित करते समय यह भी विचार करें कि उनकी रुचि केवल शौक तक सीमित है या वे उस क्षेत्र में दूसरों से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपने हर कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करना सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक डॉ. पंडाग्रे बुधवार को सारणी के सरदार विष्णु सिंह उइके शासकीय महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा जो भी लक्ष्य निर्धारित करें, उसे पूरी ईमानदारी, लगन और मेहनत के साथ प्राप्त करने के लिए आगे बढ़ें। उन्होंने सभी युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
➡️ रुचि के साथ भविष्य में रोजगार की संभावनाओं को भी समझें
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की शिक्षा और करियर की कहानी अलग-अलग होती है। इसलिए युवा अपनी रुचि को समझें और पूरी लगन व ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का जागरूक और आधुनिक तकनीक से अपडेट रहना बेहद आवश्यक है। कलेक्टर ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित करते समय यह भी ध्यान रखें कि जिस क्षेत्र में वे अपना करियर बनाना चाहते हैं, आने वाले समय में उसकी प्रासंगिकता क्या रहेगी। उस क्षेत्र में रोजगार अथवा स्वरोजगार की संभावनाएं कैसी हैं, इसका भी आकलन करें। उन्होंने कहा कि संभव है कि आज लोकप्रिय कुछ डिग्री और कोर्स आने वाले समय में उतने प्रासंगिक न रहें। इसलिए युवाओं को अपनी रुचि के अनुरूप आवश्यक स्किल विकसित करनी चाहिए और अपने पैशन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को करियर के लिए प्लान-बी मजबूत रखने की सलाह देते हुए कहा कि लक्ष्य की पूर्ति के लिए एक समय-सीमा निर्धारित करें और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करें।
➡️ परिस्थितियां सफलता में बाधा नहीं बनतीं
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कमजोर एवं साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले सफल लोगों के उदाहरण देते हुए कहा कि व्यक्ति की सफलता में परिस्थितियां कभी स्थायी बाधा नहीं बनतीं। लक्ष्य के प्रति लगन, ईमानदारी और मेहनत ही सफलता निर्धारित करती है।वोउन्होंने कहा कि सफलता केवल किसी लक्ष्य को प्राप्त कर लेना नहीं है। एक अच्छा डॉक्टर, सिविल सेवक, इंजीनियर या शिक्षक वही है, जो अपनी सेवा के साथ पूरा न्याय करते हुए जनहित में बेहतर कार्य करे।
➡️ टाइम मैनेजमेंट पर दिया जोर
कलेक्टर ने युवाओं को टाइम मैनेजमेंट के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि ज्यादा घंटे पढ़ाई करने की बजाय कम समय तक पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई करना और निर्धारित लक्ष्य को समय पर हासिल करना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को करियर संबंधी मार्गदर्शन और उनकी जिज्ञासाओं के समाधान के लिए प्रशासन निरंतर युवा संवाद के माध्यम से उनसे जुड़ा रहेगा।
इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ श्री गणेश जायसवाल एवं एसडीएम श्री प्रपंज आर ने भी युवाओं को प्रेरक उद्बोधन दिया। श्री जायसवाल ने युवाओं को असफलताओं से प्रभावित हुए बिना अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहने तथा कठिन से कठिन लक्ष्य को भी निरंतर प्रयासों से हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
➡️ एआई क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन जिला रोजगार अधिकारी श्री श्याम धुर्वे ने किया तथा आभार प्रदर्शन शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य श्री प्रदीप पंदराम ने किया। युवा संवाद के सफल आयोजन में सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण श्री नरेन्द्र गौतम तथा नोडल प्राचार्य आईटीआई श्री शुभम वानखेड़े ने सक्रिय भूमिका निभाई। ई-गवर्नेंस प्रबंधक श्री विवेक सूर्यवंशी ने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
➡️ विधायक और कलेक्टर ने महाविद्यालय का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शासकीय महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिका छात्रावास, पुस्तकालय सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।