*ग्राम जसोदी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में मेगा ड्राइव के तहत स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं की पहल*

 

बैतूल। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के आदेशानुसार एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर मेगा ड्राइव के अंतर्गत विकासखंड बैतूल के चिन्हित ग्राम जसोंदी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किए जाने की दिशा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल श्री दिनेश चंद्र थपलियाल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं वरिष्ठ न्यायाधीश श्रीमती शर्मिला बिलवार तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री मिथिलेश डेहरिया द्वारा जिला चिकित्सालय के समन्वय से ग्राम जसोदी में विशेष नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणजनों के स्वास्थ्य एवं नेत्रों की जांच की गई। जांच के उपरांत आवश्यकतानुसार ग्रामीणों को नेत्र सर्जरी हेतु चिन्हित किया गया। साथ ही मेगा ड्राइव के अंतर्गत ग्रामीणजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सर्वे कार्य भी किया गया, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़कर उनका समुचित लाभ दिलाया जा सके। इसी क्रम में

*8 सितंबर को आधार एवं किसान पहचान पत्र कैंप*
मेगा ड्राइव के तहत ग्राम जसोदी में आगामी 8 सितंबर को जिला प्रशासन के समन्वय से आधार एवं किसान पहचान पत्र कैंप आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज एवं पहचान संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। इसके साथ ही गैर सरकारी संगठन ग्राम भारती महिला मंडल के समन्वय से ग्रामीण महिलाओं के लिए शारीरिक स्वच्छता एवं मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी विशेष जागरूकता कैंप भी आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।

कैंप में महिलाओं को व्यक्तिगत एवं मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी तथा निःशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण भी किया जाएगा। मेगा ड्राइव के माध्यम से ग्राम जसोदी में स्वास्थ्य, स्वच्छता, दस्तावेजीकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से ग्रामीणों को जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से गांव के समग्र विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.