संस्कृति न्यूज भोपाल | बैतूल। अधिक मास के पावन अवसर पर बाबाजी की तपस्थली माधव गौशाला, रानीपुर आश्रम में 17 मई से 17 जून 2026 तक आयोजित श्री रामचरितमानस महायज्ञ एवं अखंड श्री सीताराम संकीर्तन में भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचकर यज्ञ, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बन रहे हैं।
परम पूज्य संत श्री श्री 1008 निक्कू दास जी महाराज जी की असीम कृपा से चल रहे इस दिव्य आयोजन में माताएं, बहनें, युवा एवं बुजुर्ग उत्साहपूर्वक धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। पूरे आश्रम परिसर में “सीताराम-सीताराम” के अखंड जयघोष, भक्ति भजनों एवं यज्ञीय वातावरण से आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालु यज्ञशाला की परिक्रमा कर अखंड श्री सीताराम संकीर्तन में शामिल हो रहे हैं तथा महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसादी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर संचालित की जा रही हैं।
आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य आध्यात्मिक महायज्ञ में सहभागी बनने का आह्वान किया है। 🙏🌸