खराब हुए ट्रांसफार्मर शीघ्र बदले जाएं,स्कूलों और छात्रावासों के मरम्मत और रंगरोगन कार्य में गति लाएं : कमिश्नर श्री श्रीमन् शुक्ला
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ रहें, खराब हुए ट्रांसफार्मर शीघ्र बदले जाएं : कमिश्नर श्री श्रीमन् शुक्ला
_________________________________
स्वास्थ्य संस्थाओं में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए, स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को समय पर मिले
_________________________________
सैम और मैम बच्चों को कुपोषण के कुचक्र से बाहर निकाले
_________________________________
देवारण्य योजना का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जाए
_________________________________
जनजातीय स्कूलों और छात्रावासों के मरम्मत और रंगरोगन कार्य में गति लाएं
_________________________________
छात्रवृत्ति के लाभ से कोई भी पात्र छात्र वंचित ना रहे
_________________________________
संभाग के तीनों जिले में शासन द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जाए। सुनिश्चित करें कि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले। किसी भी स्थिति में योजनाओं के प्रकरण अनावश्यक लंबित ना रखें जाए। निरंतर समीक्षा कर उनका समाधान कराएं।
यह निर्देश नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर श्री श्रीमन् शुक्ला ने आज कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में संभागीय एवं जिला अधिकारियों को दिए। कमिश्नर श्री शुक्ला ने विभिन्न विभागों की एक एक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बारीकी से समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कमिश्नर ने तीनों जिले में एमपीईबी द्वारा प्रदाय विद्युत व्यवस्था एवं विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा कर निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित समय अनुरूप ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्युत उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें। रबी सीजन को ध्यान में रखते हुए एमपीईबी का अमला पूरी सक्रियता से काम करें। खराब हुए ट्रांसफार्मर शीघ्र बदले जाएं। किसानों से प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निराकरण कराएं।
कमिश्नर श्री शुक्ला ने स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा कर निर्देशित किया कि जिला अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य संस्थाओं एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का बेहतर ढंग से संचालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि एसएनसीयू, एनआरसी इत्यादि स्वास्थ्य इकाइयों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने आयुष्मान योजना, निरोगी काया अभियान, संपूर्ण टीकाकरण, अंधत्व निवारण, जननी सुरक्षा योजना, आदि योजनाओं की भी समीक्षा कर तीनों जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को समय सीमा में शतप्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत कार्यक्रमों की समीक्षा कर संयुक्त संचालक और जिला कार्यक्रम अधिकारियों को सैम एवं मैम बच्चों को कुपोषण के इस कुचक्र से बाहर निकालने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष विभाग अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा कर विभाग के अधिकारियों को देवारण्य योजना का प्रभावी ढंग से संचालन किया जाने के लिए निर्देशित किया।
मैराथन बैठक में कमिश्नर ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की भी समीक्षा कर निर्देश दिए कि शासन की मंशानुसार मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत निरंतर कार्यवाही की जाए। जनजाति कार्य विभाग की समीक्षा कर कमिश्नर श्री शुक्ला ने स्कूलों और छात्रावासों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश उपायुक्त एवं तीनों जिले के सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग को दिए।
उन्होंने कहा कि विभाग अंतर्गत संचालित छात्रावासों की शत प्रतिशत सीट भरी जाए। सुनिश्चित करें कि छात्रवृत्ति के लाभ से कोई भी पात्र वंचित न रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि परिसंपत्ति योजना अंतर्गत स्कूलों और छात्रावासों के विशेष मरम्मत और रंग रोगन के कार्य भी शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज राहत प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल 2.0 योजना अंतर्गत पंजीयन कार्ड जारी करने के कार्य में प्रगति लाने के निर्देश तीनों जिले के श्रम पदाधिकारियों को दिए।
अनुकंपा नियुक्ति और अन्य सेवा संबंधी प्रकरण अनावश्यक लंबित ना रहे
______________________________
बैठक में कमिश्नर ने उक्त विभागों की विभागीय संरचना सहित कार्यालयों में लंबित अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन एवं अन्य सेवा संबंधी प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी संभागीय एवं जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में अनुकंपा नियुक्ति एवं अन्य सेवा संबंधी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित ना रहे। पूरी गंभीरता के साथ इन प्रकरणों का निराकरण किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में उपायुक्त जनजाति कार्य विभाग श्री जे पी यादव ने स्वरचित काव्य रचना कमिश्नर श्री शुक्ला को भेंट की।
बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री जी सी दोहर सहित इन विभागों के संभागीय एवं जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे।