*ग्राम जसोंदी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में मेगा ड्राइव के तहत कल्याणकारी योजनाओं की पहल*
*बैतूल।* राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के आदेशानुसार एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर मेगा ड्राइव के अंतर्गत विकासखंड बैतूल के चिन्हित ग्राम *जसोंदी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में विभिन्न गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार, 18 सितंबर 2026* को ग्राम जसोंदी में ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आवश्यक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से दस्तावेजीकरण एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल श्री दिनेश चंद्र थपलियाल के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं वरिष्ठ न्यायाधीश *श्रीमती शर्मिला बिलवार* एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी *श्री मिथिलेश डेहरिया* के समन्वय से ग्राम जसोंदी में ग्रामीणों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों एवं बच्चों के *आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं श्रम कार्ड* बनाए गए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने के साथ ही उपलब्ध शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही
*__बच्चों_ में रचनात्मकता एवं सीखने के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें ड्राइंग कॉपी एवं कलर पेंसिल का वितरण भी किया गया। इस पहल से बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।_* इस दौरान ग्रामीणों को *आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं* का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक पात्रता, दस्तावेज एवं प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही ग्रामीणों को अपने अधिकारों, विधिक सेवाओं तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया। मेगा ड्राइव का उद्देश्य ग्राम जसोंदी के प्रत्येक पात्र परिवार तक शासन की योजनाओं, विधिक सहायता एवं आवश्यक जनकल्याणकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों को
दस्तावेजीकरण एवं योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ जनजागरूकता और सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी सहभागिता बढ़ाई जा रही है। ग्राम जसोंदी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में संचालित यह पहल ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ ग्राम के समग्र, समावेशी एवं सतत विकास को गति देने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रही है।