न्यूयॉर्क में अगले वर्ष से दीपावली पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा
न्यूयॉर्क में अगले वर्ष से दीपावली पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। यह घोषणा वहां के मेयर एरिक एडम्स ने की। न्यूयॉर्क असेंबली के सदस्य जेनिफर राजकुमार और न्यूयॉर्क सिटी स्कूल के चांसलर डेविड बैंक्स की उपस्थिति में उन्होंने यह घोषणा की। श्री एडम्स ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर में दीपावली को सार्वजनिक अवकाश घोषित करके वे उन लोगों को संदेश देना चाहते हैं, जो इस मौके को एक उत्सव के तौर पर मनाते हैं। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत रणधीर जयसवाल ने इसके लिए श्री एडम्स का आभार जताया है।
श्री जयसवाल ने कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय लंबे वक्त से दीपावली पर छुट्टी की मांग कर रहे थे। न्यूयॉर्क में भारतीय त्योहारों को पहचान देना विविधता और बहुलवाद को दर्शाती है। इससे सभी वर्गों के लोग अपनी विरासत का अनुभव कर सकेंगे।
श्री एडम्स ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में शहर में रहने वाले हजारों भारतीय दीपावली पर स्कूलों में छुट्टी घोषित करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक बार कानून पारित हो जाने के बाद, दीपावली पर अगले साल से न्यूयॉर्क शहर के स्कूलों में छुट्टी होगी।







