पाकिस्तान में एक अस्पताल की छत पर पांच सौ लावारिस शव मिलने से हड़कंप मच गया है

पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के एक अस्पताल की छत पर पांच सौ लावारिश शव मिलने से हड़कंप मच गया है। इन शवों के कई अंग गायब होने से मानव अंग तस्करी की आशंका जताई जा रही है। सरकार ने छह सदस्यीय जांच समिति गठित की है, ताकि पूरे मामले की सघन छानबीन की जा सके। बलूच नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र सहित अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से मामले की जांच कराने की अपील की है।

 

जानकारी मिलने पर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री के सलाहकार चौधरी जमां गुर्जर ने अस्पताल का दौरा किया। वे स्वयं अस्पताल की छत पर पांच सौ शव देखकर चौंक गए। उन्होंने सभी शवों का अंतिम संस्कार सुनिश्चित करने का आदेश दिया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मामले की गहन जांच कर इस घटना के जिम्‍मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।