*प्रभात फेरी का हुआ समापन, कल निकलेगा भव्य नगर कीर्तन* 

 

*घोड़ाडोंगरी* : सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में घोड़ाडोंगरी में विगत नौ दिनों से निकाली जा रही प्रभात फेरी का शनिवार को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में साध संगत ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सतनाम वाहेगुरु के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना दिया।

प्रभात फेरी के अंतिम दिन दिलप्रीत सिंह खनुजा परिवार,टेनू खातरकर परिवार एवं प्रफुल्ल अग्रवाल परिवार द्वारा अपने निवास एवं प्रतिष्ठान पर गुरु साहिब के चरणों में अरदास करवाई गई। इस दौरान संगत ने गुरु वाणी का श्रवण कर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात गुरुद्वारा साहिब में समस्त साध संगत के लिए चाय एवं नाश्ते की सेवा रखी गई।

नौ दिनों तक चली प्रभात फेरी में नगर की सिख संगत सहित अन्य समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। प्रतिदिन सुबह अमृतवेले नगर की गलियों में गुरुवाणी और शबद कीर्तन से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

प्रभात फेरी के समापन के बाद अब रविवार, 22 नवंबर को गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य में भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन शाम 4 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा घोड़ाडोंगरी से प्रारंभ होगा। गुरुद्वारा प्रबंधन एवं साध संगत ने समस्त नगरवासियों से नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.